थोड़े से मुनाफे के चक्कर में लोगों की जान जोखिम में डाल रहे ऑटो चालक
कोविड-19 की गाइडलाइन का नहीं कर रहे पालन, संक्रमण का बढ़ रहा खतरा
मनमाने तरीके से सवारी बैठाकर खुद और यात्रियों की जान डाल रहे खतरे में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना वायरस के भीषण संक्रमण के बावजूद थोड़े से मुनाफे के चक्कर में ऑटो, ई-रिक्शा जैसे सवारी वाहनों में कोविड-19 की गाइडलाइन का घोर उल्लंघन कर सवारी बैठाए जा रहे हैं। इन सवारी वाहनों के चालकों के खिलाफ पुलिस के स्तर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। नतीजतन वह मनमाने तरीके से सवारी बैठाकर खुद और यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
बुधवार को वाराणसी शहर में कई जगह ऑटो और ई-रिक्शा में सवारी ठूस कर बैठे हुए दिखे। इस दौरान पुलिसकर्मी ऑटो और रिक्शा चालकों की मनमानी से बेपरवाह दिखे। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी और पुलिस की लापरवाही से कोरोना वायरस के संक्रमण की चेन नहीं टूटेगी, बल्कि ख़तरा और बढ़ता ही जाएगा।
कैंट रेलवे स्टेशन के सामने
ऑटो और ई-रिक्शा के साथ ही बोलेरो और अप्पे में ठूसकर यात्रियों को भरा जा रहा था। समीप ही पुलिस भी खड़ी थी लेकिन कोविड-19 की गाइडलाइन के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई नहीं की गई।
पांडेयपुर से लालपुर मार्ग
ऑटो के पीछे की सीट पर ही नहीं बल्कि चालक के अगल-बगल भी दो यात्री बैठे हुए थे। चालक ने मुंह पर मास्क तो लगा रखा था लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का घोर उल्लंघन कर वह और यात्री कितने सुरक्षित थे, इसका जायजा लगाया जा सकता है।
मलदहिया चौराहे
चौतरफा जाने वाले सवारी वाहनों के चालक भी मनमानी पर उतारू थे। चौराहे पर ही पुलिस भी तैनात रहती है लेकिन किसी ने एक भी ऑटो या ई-रिक्शा चालक को रोककर यह नहीं पूछा कि वह कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन कर सवारी क्यों नहीं बैठा रहे हैं।
लंका से कैंट रूट
सुंदरपुर और सामने घाट की ओर जाने वाले सवारी वाहनों की स्थिति भी ठीक नहीं दिखी। चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी भी किसी ऑटो या ई-रिक्शा चालक पर कार्रवाई करते हुए नहीं नजर आए।
ध्यान रखें, आप भी पहल कर सकते हैं
ऑटो या ई-रिक्शा में चालक अपने पास बैठाए तो उसे मना कर दें।
ऑटो या ई-रिक्शा की पिछली सीट पर दो ही सवारी बैठें।
कोई ऑटो या ई-रिक्शा चालक कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन न करे तो 112 नंबर पर फोन कर जानकारी दें।
मास्क जरूर लगाएं रखें। साथ में सैनिटाइजर भी अपने पास रखें।
कोविड-19 की गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले सवारी वाहनों के चालकों का रोजाना चालान कराया जा रहा है। थानेदारों को कहकर गाइडलाइन का और सख्ती से पालन कराया जाएगा। -अमित कुमार, डीसीपी काशी जोन