वाराणसी: मध्य प्रदेश से वांछित को गिरफ्तार करने आई पुलिस टीम पर हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्य प्रदेश के सिंगरौली थाने में दर्ज एक मुकदमे के वांछित को पकड़ने के लिए वाराणसी आई पुलिस टीम पर आरोपी के परिजनों ने हमला कर दिया और उसे छुड़ा ले गए। हमले में एक इंस्पेक्टर और एक आरक्षी घायल हुआ है। मध्य प्रदेश पुलिस की सूचना पर शिवपुर थानाध्यक्ष नागेश कुमार सिंह ने वांछित आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
मध्य प्रदेश पुलिस के घायल आरक्षी दयानंद सिंह ने बताया कि सिंगरौली थाने में प्राइवेट कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसा वसूली के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में वांछित महेश नगर कॉलोनी, शिवपुर निवासी रमेश सिंह को गिरफ्तार करने के लिए उनकी टीम आई थी।
शिवपुर थाने की पुलिस की मदद से वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और थाने लाकर उसे सिंगरौली ले जाने लगे। शिवपुर थाने से लगभग सौ मीटर की दूरी पर छह की संख्या में आए रमेश सिंह के परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। हमले में इंस्पेक्टर और दयानंद को चोट लगी है।
परिजन मारपीट कर रमेश सिंह को छुड़ा ले गए। घटना की जानकारी तत्काल शिवपुर थानाध्यक्ष को दी गई। इस संबंध में सीओ कैंट अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि एमपी पुलिस पर हमले की जानकारी मिली है। तत्परता दिखाते हुए शिवपुर थाने की पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें वांछित रमेश सिंह भी है।