शतरंज में आर्यन की चमक: यूपी चैंपियनशिप में तीसरे स्थान पर, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
यूपी राज्य शतरंज चैंपियनशिप में वाराणसी के आर्यन वर्मा ने नौ राउंड में 7.5 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। उनका चयन 63वीं राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप के साथ राष्ट्रीय टीम चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है।
विस्तार
वाराणसी के प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ी आर्यन वर्मा ने यूपी राज्य शतरंज चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। आर्यन ने नौ राउंड में 7.5 अंक जुटाकर प्रदेश के शीर्ष खिलाड़ियों में जगह बनाई। उनके प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन 63वीं राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है।
यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से 23 से 26 अक्टूबर तक गाजियाबाद स्थित जेएमएस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में राज्य स्तरीय शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच आर्यन ने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए नौ राउंड में 7.5 अंक अर्जित किए और तीसरा स्थान हासिल किया।
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम
राज्य चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद आर्यन का चयन 29 नवंबर से नौ दिसंबर तक वाराणसी के सेठ एम. आर. जयपुरिया स्कूल्स बनारस, बाबतपुर परिसर में होने वाली 63वीं राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में आर्यन उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इसके अलावा आर्यन आगामी राष्ट्रीय टीम शतरंज चैंपियनशिप में भी उत्तर प्रदेश की टीम का हिस्सा होंगे। लगातार दो बड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से वाराणसी के शतरंज खिलाड़ियों में उत्साह है।
शतरंज एसोसिएशन ने दी बधाई
आर्यन की उपलब्धि पर वाराणसी शतरंज एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज, एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव विजय कुमार और वाराणसी शतरंज एसोसिएशन के महासचिव तुषार सारस्वत ने उन्हें बधाई दी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि आर्यन का प्रदर्शन वाराणसी के शतरंज जगत के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आर्यन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर वाराणसी और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। वाराणसी शतरंज एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सदस्यों और शतरंज समुदाय ने भी आर्यन को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं।