Varanasi: घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार हुआ बिजली विभाग का कंप्यूटर ऑपरेटर, एंटी करप्शन की टीम ने की कार्रवाई
वाराणसी जिले में बिजली विभाग का कंप्यूटर ऑपरेटर 10 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया। आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर व्यापारी से नए कनेक्शन के लिए 15 हजार मांग रहा था। इसकी शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन ने उसके खिलाफ कार्रवाई की है।
विस्तार
एंटी करप्शन की टीम ने लेढ़ूपुर स्थित विद्युत उपखंड अधिकारी कार्यालय से शुक्रवार को एक श्रमिक (कंप्यूटर ऑपरेटर) को 10 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। आरोपी की पहचान रोहनिया थाना के गजाधरपुर, कुरहुआ निवासी बृजेश कुमार के रूप में हुई है। बृजेश के खिलाफ सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज करा कर उसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
यह है पूरा मामला
एंटी करप्शन की टीम से भुलेटन, चौक निवासी कुलदीप बरनवाल ने शिकायत की थी। कुलदीप के अनुसार वह सारनाथ थाना के सारंगतालाब क्षेत्र में अपनी जमीन पर नैपकिन पेपर बनाने की मशीन लगाने के लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय, लेढ़ूपुर में गत 11 जुलाई को पांच किलोवाट का नया कनेक्शन लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए।
कनेक्शन के कागजात लेकर लेढूपुर कार्यालय गए। वह बिजली कनेक्शन के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर बृजेश के पास गए। बृजेश ने कहा कि आपके कागजात पूरे नहीं हैं, जबकि आवेदन के बाद क्षेत्रीय अभियंता अनूप कुमार और राकेश यादव ने निरीक्षण किया था। उसके बाद फिर कार्यालय जाने पर अवर अभियंता अनूप ने कहा कि कंप्यूटर ऑपरेटर से समझ लें। जब वह बृजेश से मिले तो उसने कहा कि आपको जहां कनेक्शन लेना है उसकी दूरी खंभे से ज्यादा है।इसके लिए दो पोल ओर तार अलग से लगेगा।
बृजेश ने 15 हजार रुपये देने पर काम होने की बात कही। बातचीत के बाद 10 हजार रुपये देने पर बृजेश ने काम होने की बात कही। इसके बाद कुलदीप एंटी करप्शन की टीम से मिले और शिकायत दर्ज कराए। एंटी करप्शन की टीम ने कुलदीप को शुक्रवार को बुलाकर उनके 10 हजार रुपये की नोट में केमिकल लगाकर दिया।
कुलदीप लेढ़ूपुर स्थित कार्यालय में बृजेश के पास पहुंचे। बृजेश को कुलदीप 10 हजार रुपये दे रहे थे, उसी दौरान एंटी करप्शन की ट्रैप टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर मैनेजर सिंह, इंस्पेक्टर नीरज कुमार सिंह और इंस्पेक्टर राकेश बहादुर सिंह की टीम ने उसे पकड़ लिया।