वाराणसी: चालक की हत्या कर ट्रक समेत काजू लूट में एक और वांछित गिरफ्तार, अब तक तीन आरोपी भेजे गए जेल
वाराणसी में हाईवे स्थित नुवांव में बदमाशों ने एक जनवरी की रात ट्रक चालक की हत्या कर 70 लाख रुपये का काजू लदा ट्रक लूट लिया था। इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस अबतक जेल भेज चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चालक की हत्या कर लाखों रुपये मूल्य का काजू लदा ट्रक लूटने के मामले में वांछित एक और बदमाश को वाराणसी की लंका पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। भदोही के छिनौरा निवासी वांछित धर्मेंद्र बिंद उर्फ धोनी को हाईवे स्थित मलहिया के पास से पकड़ा गया। उसके कब्जे से तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ।
डीसीपी काशी जोन रामसेवक गौतम ने यह जानकारी दी। धर्मेंद्र से पहले इस वारदात में दो और बदमाश गिरफ्तार किए जा चुके हैं। बीते एक जनवरी की रात चोलापुर थाना अंतर्गत कटारी निवासी ओमप्रकाश आंध्र प्रदेश से ट्रक पर काजू लाद कर गोरखपुर के लिए निकला था।
शराब सेवन के बाद वारदात को दिया गया था अंजाम
डाफी बाईपास पार करने के बाद लंका थाना अंतर्गत नुवांव में ओमप्रकाश को उसका पुराना परिचित छिनौरा निवासी अमृतलाल यादव मिला। अमृतलाल के साथ उसके दोस्त छनौरा निवासी पवन गौड़, राजेश बिंद उर्फ खेतई और धर्मेंद्र कुमार बिंद उर्फ धोनी भी थे। उसके बाद सभी ने शराब पी।
ओमप्रकाश जब ट्रक में बैठा तो आरोपियों ने उसे नीचे धकेल दिया। फिर ट्रक से ओमप्रकाश को कुचल कर उसकी हत्या कर दी। जिसके बाद चारों काजू सहित ट्रक लूट कर भदोही की ओर भाग गए। वारदात की सूचना पाकर भदोही की पुलिस भी सक्रिय हुई और अगले ही दिन अमृतलाल को दबोच लिया। राजेश बिंद को भी भदोही पुलिस ने ही मुठभेड़ में गिरफ्तार किया।
पढ़ेंः वाराणसी में 518 रिक्रूट कांस्टेबल को मिला स्मार्ट जैकेट, रात्रि ड्यूटी में होगी सहुलियत
डीसीपी काशी जोन ने बताया कि अभियुक्त धर्मेंद्र की गिरफ्तारी लंका पुलिस और क्राइम ब्रांच की साझा टीम ने की है। धर्मेंद्र को लंका थाना क्षेत्र के मलहिया स्थित एक रेस्टोरेंट के पास से पकड़ा गया है। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।