वाराणसी में गृहमंत्री शाह: संकट मोचन का लिया आशीर्वाद, पूर्वांचल की अहम सीटों की रणनीति पर की बैठक
पूर्वांचल की अहम सीटों पर मंथन के लिए मंगलवार की शाम गृहमंत्री अमित शाह वाराणसी पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही वह वाराणसी में रात्रि प्रवास भी करेंगे।
विस्तार
सर्द मौसम में पूर्वांचल में गरम हो रही सियासत की तपिश भांपने मंगलवार को वाराणसी पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने सबसे पहले संकटमोचन का आशीर्वाद लिया। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पूर्वांचल की प्रमुख सीटों पर भविष्य की संभावनाओं पर मंथन किया गया। इससे पहले सर्किट हाउस में गृहमंत्री ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डा. दिनेश शर्मा सहित कई मंत्रियों के साथ मंत्रणा कर कामकाज का फीडबैक लिया।
गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार को उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के साथ मंगलवार की शाम संकटमोचन मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे। महंत विश्वंभर नाथ मिश्रा ने उनका मंदिर परिसर में स्वागत किया। इसके बाद गृहमंत्री अमित शाह व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने संकटमोचन हनुमान दरबार में करीब पांच मिनट रुककर आरती की।
एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
उनका हेलीकॉप्टर वाराणसी एयरपोर्ट पर 04:18 बजे उतरा, जहां भाजपा के क्षेत्रीय नेताओं ने आगवानी की। उसके बाद सड़क मार्ग से शहर के लिए प्रस्थान किया। गृहमंत्री के साथ डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा भी पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर आगवानी करने वालों में विधायक पिंडरा अवधेश सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, भाजपा नेता प्रभात सिंह मिंटू, शैलेश पांडे, नवीन कपूर, पवन सिंह सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।