Varanasi News: संयम और अनुशासन से मिलेगी स्त्री शक्ति को समृद्धि, महिलाओं को मिले निवेश के टिप्स
Varanasi News: अमर उजाला बोनस और केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड का विशेष आयोजन हुआ। इस दौरान काशी की महिलाओं को निवेश के टिप्स मिले। वहीं विशेषज्ञों ने कहा कि परिवार की वित्तीय समृद्धि की चाबी महिलाओं के हाथ में है।
विस्तार
अमर उजाला बोनस और केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड की ओर से सोमवार को कैंट स्थित होटल सूर्या में स्त्री शक्ति समृद्धि कार्यक्रम हुआ। विशेषज्ञों ने महिलाओं को बताया कि वह अपनी छोटी- छोटी बचत को म्यूचुअल फंड में निवेश कर लंबी अवधि में मोटा लाभ कमा सकती हैं। यहां महिलाओं ने सीखा कि किस तरह सही समय और संयम के साथ निवेश करने पर समृद्धि के साथ जीवन व्यतीत कर सकती हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ केनरा रोबेको म्युचुअल फंड के वाइस प्रेसिडेंट और जोनल सेल्स हेड उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड धीरज दीन एवं अभिजीत मालवीय, मैनेजर सेल्स, केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड ने दीप प्रज्ज्वलन कर साथ किया।
मुख्य वक्ता धीरज दीन ने बताया कि साल 2000 में जहां सिर्फ 5 लाख म्यूचुअल फंड फोलियो थे। वह बढ़कर 25 करोड़ से अधिक हो चुके हैं। इस दौरान लंबी अवधि में निवेश करने और संयम के साथ निवेश में बने रहने के फायदे भी बताए। जितनी जल्दी निवेश की शुरुआत की जाए तो, चक्रवृद्धि ब्याज का फायदा अधिक मिलता है।
महिलाएं तेजी से निवेश के विकल्पों को अपनाने में रुचि दिखा रही हैं। स्त्री शक्ति समृद्धि जैसे कार्यक्रम महिलाओं को अधिक संख्या में जागरूक बनाने में बेहद मददगार साबित हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स के बच्चों ने गणेश वंदना पर आकर्षक प्रस्तुति दी।
आसान भाषा में समझाया 3 एस
धीरज दीन ने महिलाओं को निवेश में अधिक लाभ पाने के लिए 3 एस सूत्र को हमेशा ध्यान रखना चाहिए। 3 एस को विस्तार से समझाते हुए कहा कि एसआईपी (सिस्टमेटिक इनवेस्टमेंट प्लान), एसडब्ल्यूपी (सिस्टमेटिक विड्रॉल प्लान) और एसटीपी (सिस्टमेटिक ट्रांसफर प्लान) के साथ महिलाएं लंबी अवधि के लिए निवेश की प्लानिंग कर सकती हैं। एसआईपी महिलाओं को अनुशासित निवेश की आदत डालती है। वहीं एसडब्ल्यूपी से निवेशक इक्विटी से घबराए बिना नियमित निकासी कर सकते हैं। वहीं एसटीपी के जरिये निवेशक अपना निवेश बड़ी और सुरक्षित कंपनियों में ट्रांसफर कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें; UP Pre-Board Exam: छुट्टी खत्म होने के बाद 404 स्कूलों में होंगी प्री-बोर्ड की परीक्षाएं, बनाए गए 117 केंद्र
विशेषज्ञों ने कार्यक्रम में बताया कि महिलाएं जिस प्रकार परिवार की डोर संभालती हैं। उसी प्रकार महिलाएं निवेश की डोर भी संभालें। निवेश से पहले महिलाओं के लिए लक्ष्य तय करना बहुत जरूरी होता है। लक्ष्य केंद्रित निवेश लंबी अवधि में हमेशा लाभकारी साबित होता है।
क्या बोलीं महिलाएं
कार्यक्रम बेहद रोचक और ज्ञानवर्धक रहा। यहां विशेषज्ञों ने बचत की ताकत को निवेश में बदलने पर जोर दिया। अब मैं अपने निवेश के लिए अधिक आत्मविश्वासी महसूस कर रही हूं।
-ऊषा श्रीवास्तव
मुझे बनारस में पहली बार इस प्रकार की वर्कशाप में शामिल होने का मौका मिला है। यह काफी फायदेमंद रहा। यहां निवेश से जुड़ी कई नई बातें सीखने का मौका मिला। आयोजन के लिए मैं अमर उजाला को धन्यवाद देती हूं।
-प्रेरिता राय
आमतौर पर निवेश के फैसलों में मेरा दखल काफी कम होता है। मेरा यहां आने का मकसद यही था, यहां जो जानकारी मिली है, उसके बाद मैं भी अपने फैसले ले सकूंगी।
-डॉ. प्रियंका जायसवाल
मैं निवेश करती हूं, लेकिन जिस प्रकार अमर उजाला ने एक बड़े समूह में महिलाओं का जागरुक बनाने का काम किया है। यह प्रयास काफी प्रशंसनीय है।
-वीना पांडेय