Sports: 56 मीटर भाला फेंकने वाले अमन ने गोला डिस्कस और हैमर थ्रो में जीता स्वर्ण पदक, दिखाया दम
Varanasi News: गंगापुर इंटर कॉलेज के खेल मैदान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इसमें खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया। जीते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के साथ सम्मानित भी किया गया।
विस्तार
69वीं माध्यमिक स्कूली खेलों में मिर्जामुराद जोन की एथलेटिक्स प्रतियोगिता गंगापुर इंटर कॉलेज के खेल मैदान में हुई। इसमें 36 विद्यालयों के 300 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें भाला प्रक्षेप में किसान इंटर कॉलेज के अमन यादव ने 56 मीटर दूर भाला फेंक पहला स्थान हासिल किया।
इसके साथ ही अमन गोला, डिस्कस और हैमर थ्रो की सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता में भी पहले स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग की भाला फेंक प्रतियोगिता में गंगापुर इंटर कॉलेज के आदित्य पटेल ने पहला स्थान हासिल किया।
सब जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में किसान इंटर कॉलेज मिर्जामुराद के विकास पाल ने पहले, वहीं खजूरी के संदीप दूसरे स्थान पर रहे। 100 मीटर दौड़ के सीनियर वर्ग में किसान इंटर कॉलेज की शिवानी, 400 मीटर दौड़ में सीनियर वर्ग में गंगापुर इंटर कॉलेज की प्रियंका ने पहला स्थान प्राप्त किया।
अन्य खिलाड़ियों ने भी दिखाया दमखम
भाला प्रक्षेप में अंबिका प्रसाद सिंह इंटर कॉलेज भैरवनाथ की साक्षी कनौजिया ने पहल स्थान हासिल किया। ऊंची कूद में किसान इंटर कॉलेज की खुशी और गोला प्रक्षेप में बढ़ैनी की काव्या वर्मा पहले स्थान पर रही।
इस मौके पर घनश्याम चोटीवाला, मुनीब कुमार, जटाशंकर और ध्रुवनाथ ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इससे पहले गंगापुर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. श्रीप्रकाश सिंह ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर खेल शुरू कराया। संचालन डॉ. अरुण सिंह, धन्यवाद ज्ञापन आनंद सिंह ने दिया। इस मौके पर आरडी राय, राकेश पाल, अर्जुन प्रसाद, सुभाष, जटाशंकर आदि खेल शिक्षक मौजूद रहे।