कोतवाल पर जूते से मारने का आरोप: सरदार सेना के नेता को थाने में 50 थप्पड़ मारे, जातिगत टिप्पणी; लाइन हाजिर
मुगलसराय कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पर सरदार सेना के प्रदेश महामंत्री ने थाने में 50 थप्पड़ मारने और सीने पर बूट से हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मारपीट में नाक की हड्डी टूटने और जातिगत टिप्पणी किए जाने का भी दावा किया। शिकायत के बाद एसपी आकाश पटेल ने कोतवाल को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच के आदेश दिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुगलसराय कोतवाली में विवाहिता की मौत के मामले में पैरवी करने पहुंचे सरदार सेना के प्रदेश महामंत्री सुनील कुमार पटेल ने कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह पर मारपीट और जातिगत टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। सुनील का आरोप है कि विरोध करने पर कोतवाल ने उन्हें करीब 50 थप्पड़ मारे और सीने पर बूट से प्रहार किया।
मारपीट में उनकी नाक की हड्डी फ्रैक्चर होने समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी ने सीओ पीडीडीयू नगर से जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में जातिसूचक टिप्पणी की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि विभागीय जांच के आदेश देते हुए एसपी ने कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।
मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के कुंडाडीह गांव निवासी युवती की शादी मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के रतनपुरा गांव में हुई थी। अस्पताल में भर्ती विवाहिता की मंगलवार को मौत हो गई। सुनील कुमार पटेल ने बताया कि मृतका के परिजन उनके परिचित हैं। वह मूल रूप से नारायणपुर-चुनार क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में रामनगर में रहते हैं। सुनील के अनुसार, वह प्रयागराज में आरक्षण बचाओ आंदोलन को लेकर निकलने वाली यात्रा में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान मृतका के परिजनों ने उन्हें घटना की जानकारी देकर मुगलसराय कोतवाली बुलाया।
सख्त कार्रवाई की मांग
सुनील ने बताया कि वह मृतका के मामले में तहरीर लेकर प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह से मिले और कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की महिलाएं काफी देर से कोतवाली में बैठी हैं। इस पर कोतवाल ने कार्रवाई चलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही। इस पर सुनील ने रिपोर्ट आने में चार-पांच दिन लगने की बात कहते हुए पुलिस की कार्रवाई किये जाने की बात कही। आरोप है कि इसी बात पर कोतवाल विजय प्रताप नाराज हो गए और उन्हें गाली देते हुए नेतागिरी करने की बात कहने लगे।
सुनील के मुताबिक, उन्होंने नेतागिरी करने की बात से इनकार किया। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था, जिसे वे नहीं जानते थे। आरोप है कि वीडियो बनाने की बात को लेकर कोतवाल और नाराज हो गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। सुनील का आरोप है कि जाति सूचक शब्द को इस्तेमाल करते हुए उन्हें करीब 50 थप्पड़ मारे गए और सीने पर बूट से प्रहार किया गया। घटना में उनकी नाक की हड्डी टूट गई और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। उन्होंने घटना का समय शाम करीब साढ़े छह बजे बताया।
आरोपी लाइन हाजिर
सुनील ने आरोप लगाया कि पुलिस ने चालान में घटना को अलग तरीके से दर्ज किया है। उनके अनुसार, चालान में लिखा गया कि बातचीत के दौरान वह आक्रोशित हो गए और अपना सिर दीवार में मारकर घायल कर लिया। उन्होंने कोतवाली परिसर में लगे सीसी कैमरों की फुटेज की जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी। सुनील कुमार पटेल ने मारपीट और जातिगत टिप्पणी का आरोप लगाया था। मामले की प्रारंभिक जांच सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह से कराई गई। एएसपी के अनुसार, जांच में सामने आया कि एक महिला की मृत्यु के मामले में पैरवी के लिए सुनील पटेल थाना परिसर पहुंचे थे। पुलिस की ओर से वादी को पहले ही जांच चलने और जल्द विधिक कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई थी।
इसके बावजूद सुनील पर अभद्र एवं आक्रामक व्यवहार कर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास करने लगे। इस आधार पर उनके खिलाफ 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। इसी दौरान उनकी नाक में चोट लगने से रक्तस्राव हुआ। प्रारंभिक जांच में जातिसूचक टिप्पणी की पुष्टि नहीं हुई है। एएसपी ने बताया कि पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं वहीं कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।