अखिलेश ने यूपी सरकार को घेरा, कहा- जिस कुर्सी पर एक बार केशव बैठे थे, सीएम योगी ने उसे बदलवा दिया
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार गंगा सफाई का नाटक कर रही है। गंगा सफाई के नाम पर सरकारी धन का भारी पैमाने पर दुरुपयोग किया जा रहा है। कानपुर में गंगा की हालत बद से बदतर हो गई है।
वह बुधवार को शाहगंज के विधायक शैलेंद्र यादव के आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। विधायक शैलेंद्र यादव की बड़ी माता सीता देवी के निधन पर वह शोक संवेदना व्यक्त करने उनके घर पहुंचे थे।
उन्होंने योगी सरकार को पिछड़ा और दलित विरोधी सरकार बताया। डिप्टी सीएम केशव मौर्य एक बार सीएम की कुर्सी पर बैठ गए थे। उस कुर्सी पर मुख्यमंत्री आजतक नहीं बैठे। उन्होंने कुर्सी ही बदलवा दी। यह उनकी पिछड़ा विरोधी मानसिकता का सबूत है।
उन्होंने कहा कि वह जब मुख्यमंत्री थे तो छात्रों को लैपटाप दिए थे। यह सरकार शौचालय बांट रही है। उन्होंने जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कालेज की धीमी प्रगति पर कहा कि योगी सरकार ने मेडिकल कालेज की अहमियत ही नहीं समझ सकी।
आने वाले बजट पर उन्होंने कहा कि इस सरकार ने तीन बार बजट पेशकर जनता को रुलाया है इसबार भी जनता को रुलाने की तैयारी है। उनके साथ पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी, अहमद हसन मौजूद थे।