Akanksha Dubey: अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत से गायक समर सिंह की गिरफ्तारी तक, जानें अब तक क्या-क्या हुआ
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की आत्महत्या के मामले में वाराणसी की क्राइम ब्रांच ने 12 दिन से फरार गायक समर सिंह को अरेस्ट कर लिया है। समर सिंह गाजियाबाद के नंदग्राम थाना इलाके के राजनगर एक्सटेंशन स्थित चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी में छिपा था। आइए जानते हैं, आकांक्षा दुबे की मौत से लेकर समर सिंह की गिरफ्तारी तक इस मामले में क्या-क्या हुआ।
विस्तार
26 मार्च को सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे बीते मृत मिली थीं। वह अपने बेड पर बैठी हुई थी और उनके गले में पंखे के सहारे दुपट्टे का फंदा था।आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ सारनाथ थाने में 27 मार्च को मुकदमा दर्ज किया गया था।
ये भी पढ़ें: आकांक्षा दुबे केस में आरोपी समर सिंह को पुलिस ने ढूंढ निकाला, मिल सकते हैं इन अनसुलझे सवालों के जवाब
आकांक्षा दुबे की मां ने किया धरना-प्रदर्शन
28 मार्च को आकांक्षा दुबे की मां से मिलने उनके घर भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह आईं। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर 30 मार्च को आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने कई अन्य लोगों के साथ सारनाथ थाने में प्रदर्शन किया। पुलिस पर समर सिंह से मिलीभगत समेत अन्य आरोप लगाए। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार करने का वादा किया।
पुलिस पर ढुलमुल रवैये का आरोप
पांच अप्रैल को पुलिस ने समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया। लुक आउट नोटिस की सूचना एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया को भेजी गई। पुलिस की पांच टीमें समर सिंह और संजय सिंह की तलाश में जुटी थी।
आकांक्षा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल
इसी दिन आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर उनकी मां मधु दुबे के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस से सवाल पूछे। उन्होंने आकांक्षा की मौत पर संदेह की ओर इशारा करते हुए कई बिंदु उठाए। पुलिस ने बताया था कि आकांक्षा दुबे पार्टी में शराब पी हुई थीं। लेकिन, उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके पेट में खाना और तरल पदार्थ नहीं पाया गया। आकांक्षा के पेट में शराब भी नहीं पाई गई। 20 एमएल का कोई भूरे रंग का तरल पदार्थ पेट में पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी कलाई पर चोट का निशान बताया गया।
गाजियाबाद से समर सिंह गिरफ्तार
सात अप्रैल की सुबह भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा सिंह को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी गायक समर सिंह को वाराणसी कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाए जाने की तैयारी की जा रही है। वहीं, प्रकरण के दूसरे आरोपी संजय सिंह की तलाश जारी है।