एयर शो: नमो घाट के ऊपर तिरंगा लेकर उड़े सेना के तीन हेलिकॉप्टर, तैयारियां पकड़ रहीं रफ्तार; सुरक्षा तगड़ी
वाराणसी के नमो घाट के ऊपर रविवार सुबह तिरंगा लेकर सेना के तीन हेलिकॉप्टर उड़े। सुबह करीब 10:50 बजे हेलिकॉप्टरों के पहुंचते ही लोगों का ध्यान आसमान की ओर गया। वायुसेना के एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। हेलिकॉप्टरों की उड़ान को एयर शो की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विस्तार
नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो को लेकर तैयारियों के बीच रविवार को सेना के तीन हेलिकॉप्टर तिरंगा लेकर घाट के ऊपर उड़ते दिखाई दिए। सुबह करीब 10:50 बजे पहुंचे तीनों हेलिकॉप्टरों ने बारी-बारी से लगभग 20 मिनट तक नमो घाट के ऊपर चक्कर लगाए।
नमो घाट पर सुबह हेलिकॉप्टरों से देश का तिरंगा फहराता दिखाई दिया। इसे देखकर घाट पर मौजूद लोगों का ध्यान आसमान की ओर चला गया। नमो घाट पर इन दिनों एयर शो को लेकर तैयारियां चल रही हैं। भारतीय वायुसेना के अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
घाट पर मौजूद वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि एयर शो को लेकर अभ्यास का सिलसिला जल्द शुरू होगा। इसके तहत आयोजन की तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा। एयर शो के दौरान गंगा के ऊपर हवाई करतब और विमानों का प्रदर्शन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। नमो घाट पर आयोजन की तैयारियों के बीच हेलिकॉप्टरों की उड़ान ने लोगों में उत्सुकता बढ़ा दी है। नमो घाट के आसपास रहने वालों की निगाहें अभ्यास शुरू होने और एयर शो के भव्य आयोजन पर टिकी हैं।
फेज दो में कम्यूनिकेशन कमांड काॅम्प्लेक्स
एयर शो के दौरान संचार व्यवस्था के लिए भी नमो घाट पर प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके तहत कम्यूनिकेशन कमांड काॅम्प्लेक्स बनाया गया है। इसमें वायुसेना के अधिकारियों की तैनाती होगी और इसका इस्तेमाल कंट्रोल रूम के तौर पर किया जाएगा।
रविवार को वायुसेना ने की फ्लीट रिहर्सल
वायुसेना के अधिकारियों ने रविवार सुबह फ्लीट रिहर्सल किया। बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर नमो घाट तक फ्लीट का रिहर्सल हुआ। इस दौरान वायुसेना की 20 से अधिक नीली स्कॉर्पियो नमो घाट पर खड़ी की गईं। वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को फ्लीट का अभ्यास किया गया। 21 अक्तूबर को एयर शो का अभ्यास किया जाएगा। शो को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
महाकुंभ की तर्ज पर सुरक्षा व्यवस्था 20 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान
भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो को लेकर काशी में सुरक्षा और व्यवस्थागत तैयारियां तेज हो गई हैं। 22, 24 और 25 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो में 20 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन महाकुंभ की तर्ज पर सुरक्षा प्रबंधन की तैयारी में जुटे हैं। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, चिकित्सा सुविधाओं और आपात स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
आयोजन में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सेना और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों समेत कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। इसे देखते हुए प्रमुख मार्गों, घाटों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की योजना बनाई जा रही है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि एयर शो में सुरक्षा ड्यूटी के लिए आने वाले पुलिसकर्मियों को उनके तैनाती स्थल की जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही शहर की भौगोलिक स्थिति और बनावट से भी परिचित कराया जाएगा। बाहर से आने वाले पुलिसकर्मियों को काशी की गलियों, घाटों, प्रमुख सड़कों और महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी दी जाएगी।
आज से शुरू होगा मेेडिकल कंट्रोल रूम
एयरशो के लिए सिगरा स्थित त्रिनेत्र सेंटर में मेडिकल कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसकी शुरुआत सोमवार से होगी। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि इसमें डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। 25 अक्तूबर तक यह टीम सुबह 10 से शाम 5 बजे तक सक्रिय रहेगी। एयरशो के दौरान किसी भी प्रकार की सूचना मिलते ही संबंधित टीम निकटतम अस्पताल को संपर्क करेगी।
पुलिस लाइन से नमो घाट तक पीएम का स्वागत
एयर शो के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 अक्तूबर को काशी में रहेंगे। पुलिस लाइन से नमो घाट जाने के दौरान भाजपाइयों और काशीवासियों की ओर से उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्र, जिला और महानगर इकाइयों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। ढोल-नगाड़ों के बीच हर-हर महादेव के जयकारे लगाए जाएंगे। पुलिस लाइन से नमो घाट के बीच जगह-जगह ढोल-नगाड़ों के साथ गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर पीएम के काफिले का स्वागत किया जाएगा। इसके लिए बैठकों का दौर शुरू हो गया है। पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सड़क के दोनों ओर कार्यकर्ता और काशीवासी मौजूद रहेंगे।