वाराणसी एयर शो: आज भी चार घंटे बंद रहेगा एयरपोर्ट, कई उड़ानों के समय में बदलाव; विमानों का संचालन पूरी तरह बंद
वाराणसी एयरपोर्ट पर एयर शो के अंतिम दिन रविवार को सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे तक विमानों का संचालन बंद रहेगा। 21 से 25 अक्तूबर तक नोटम जारी है। शनिवार को एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और अकासा एयर की कई उड़ानें रीशेड्यूल हुईं। यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने से पहले एयरलाइन से समय की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
विस्तार
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर शो के चलते रविवार को भी चार घंटे तक विमानों का संचालन बंद रहेगा। सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक किसी भी विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं होगी। एयर शो का रविवार को अंतिम दिन है। इसके लिए 21 से 25 अक्तूबर तक नोटिस टू एयरमिशन (नोटम) जारी किया गया है। इसके चलते सामान्य उड़ानों के संचालन पर असर पड़ रहा है।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे तक विमानों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके लिए पहले ही सूचना जारी कर दी गई है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से उड़ान का संशोधित समय जरूर पता कर लें, ताकि उन्हें परेशानी न हो।
कई उड़ानों के समय में बदलाव
शनिवार को एयर शो के दौरान एयरपोर्ट पर एक भी विमान ने उड़ान नहीं भरी। इसके चलते कई विमान सेवाओं के समय में बदलाव करना पड़ा। एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई, बंगलूरू, शारजाह और दिल्ली जाने वाली उड़ानों को रीशेड्यूल किया गया। वहीं, इंडिगो की हैदराबाद, बंगलूरू, दिल्ली और पुणे की उड़ानों के समय में भी बदलाव किया गया। अकासा एयर की वाराणसी से बंगलूरू जाने वाली उड़ान भी रीशेड्यूल रही।
शुक्रवार को सामान्य रहा संचालन
21 अक्तूबर को एयर शो के अभ्यास के बाद 22 अक्तूबर को विमान संचालन नहीं हुआ। शुक्रवार को एमएलसी चुनाव के कारण एयर शो नहीं होने से सुबह 11 से अपराह्न तीन बजे के बीच विमानों का संचालन सामान्य रूप से हुआ। शनिवार को एयर शो के चलते निर्धारित समय में हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं। रविवार को भी एयर शो के अंतिम दिन यही व्यवस्था लागू रहेगी। ऐसे में यात्रियों को अपनी उड़ान की स्थिति और समय की पुष्टि करने के बाद ही एयरपोर्ट के लिए निकलने की सलाह दी गई है।