अग्निवीर भर्ती रैली 2025: दूसरे जिलों में भी हो सकेगी अग्निवीर भर्ती रैली, यहां कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
Agniveer Recruitment Rally 2025: अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब दूसरे जिलों में भी अग्निवीर भर्ती रैली हो सकेगी।
विस्तार
अग्निवीर भर्ती की रैलियां दूसरे जिले में भी कराने की संभावनाएं सेना की तरफ से तलाशी जा रही हैं। इसे लेकर सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के निदेशक की ओर से परिक्षेत्र के 11 जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर मैदान, स्थल के बारे में जानकारी मांगी गई है। कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि वाराणसी में भी अन्य स्थलों सिगरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स या फिर बड़ालालपुर क्रीड़ा संकुल को देखा जा सकता है।
सैन्य प्रशासन ने अग्निवीर के रजिस्ट्रेशन के लिए तिथि जारी कर दी है। अभ्यर्थी 12 मार्च से www.joinindianarmy.nic.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। अप्रैल में लिखित परीक्षा होगी। जुलाई के पहले सप्ताह में रैली हो सकती है। सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि 400 मीटर के ट्रैक लायक मैदान, अभ्यर्थियों के रुकने, स्थल तक पहुंचने के मार्ग आदि को लेकर परिक्षेत्र के 11 डीएम को पत्र लिखा गया था। अभी तक कोई जवाब नहीं आया है।
निदेशक ने बताया कि अभ्यर्थी अभी से जन्म प्रमाणपत्र और निवास प्रमाणपत्र बनवाकर रख लें। आईटीआई और गणित से 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए टेक्निकल ट्रेड में नौकरी के ज्यादा अवसर हैं। सेना में अग्निवीर भर्ती के तहत चार पदों के लिए आवेदन मांगे जाते हैं। इसमें ट्रेडमैन 8वीं और 10वीं पास, ऑफिस असिस्टेंट या स्टोर कीपर टेक्निकल, अग्निवीर जनरल और अग्निवीर टेक्निकल पदों के लिए आवेदन मांगे जाएंगे।