अग्निवीर भर्ती: आवेदन करने से पहले पढ़ लें ये खबर..., अभ्यर्थियों को देनी होगी मार्कशीट की जानकारी; जानें खास
अग्निवीर भर्ती के लिए सेना भर्ती कार्यालय से सूचनाएं जारी कर दी गई हैं। इस बार कुल 12 जिलों के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। फरवरी के अंतिम सप्ताह से आवेदन शुरू हो जाएंगे।
विस्तार
Agniveer Bharti : छावनी स्थित सेना भर्ती कार्यालय की तरफ से वाराणसी परिक्षेत्र के 12 जिले के युवाओं के लिए फरवरी के अंतिम सप्ताह में अग्निवीर भर्ती के आवेदन शुरू होंगे। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि आवेदक 10वीं की मार्कशीट के अनुसार फॉर्म में अपना, मां-पिता का नाम भरें।
साथ ही आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर डालें। पता और ईमेल की सही जानकारी दे। इच्छुक युवा सूचना जारी होने के बाद www.joinindianarmy.nic.in पर आवेदन कर सकेंगे। वाराणसी परिक्षेत्र में मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र, चंदौली, आजमगढ़, देवरिया और गोरखपुर जिले आते हैं।
उन्होंने बताया कि पहले अग्निवीर भर्ती के तहत जनरल ड्यूटी, तकनीशियन, ट्रेड के दो वर्ग और क्लर्क के पदों पर भर्ती के लिए आवेदक को एक ही पद के लिए ही मौका मिलता था। इस बार किन्हीं दो पदों के लिए युवा एक साथ आवेदन कर सकेंगे।
दो पदों के आवेदन के लिए अलग-अलग लिखित परीक्षा देनी होगी। इन्हें रैली में एक ही बार शामिल किया जाएगा। इससे आवेदकों को एक साथ दो मौके मिल रहे हैं। एक कैटेगरी की लिखित परीक्षा में असफल होने पर भी दूसरी परीक्षा में पास होकर युवा रैली में शामिल हो सकेंगे।
साइबर फ्रॉड से रहें सावधान
कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि युवाओं को इस समय साइबर फ्रॉड से सावधान रहने की जरूरत है। कोई राशि देने या किसी के कहने से भर्ती में पास नहीं किया जाता है। यदि आप योग्य होंगे तभी मौका मिलेगा।
केवल विभाग की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर ही आवेदन करें। किसी का फोन आने पर हेल्पलाइन नंबर 7518900195 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही कैंटोनमेंट स्थित सेना भर्ती कार्यालय में सुबह आठ से रात आठ बजे तक इससे संबंधित जानकारी ले सकते हैं।