Sports News: 11 सेकंड में 100 मीटर दूरी तय करेंगे तो मिलेगा नेशनल में मौका, एथलीटों के तय किए गए ये मानक
Varanasi News: 11 सेकंड में 100 मीटर दूरी तय करने पर एथलीटों को नेशनल में मौका मिलेगा। चेन्नई में आगामी राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स मीट में भाग लेने के लिए इसे पूरा करना अनिवार्य होगा।
विस्तार
भारतीय एथलेटिक्स संघ (एएफआई) ने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में आगामी राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स मीट में भाग लेने वाले एथलीटों के लिए कड़े मानक तय किए हैं। एएफआई द्वारा निर्धारित ये मानक पुरुष और महिला दोनों वर्गों की 11 स्पर्धाओं के लिए लागू होंगे।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश यादव ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता 15 अप्रैल को चेन्नई में आयोजित की जाएगी और इसमें भाग लेने के इच्छुक एथलीटों को एएफआई की निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करना अनिवार्य होगा।
पुरुष वर्ग के एथलीटों के लिए 100 मीटर दौड़ को 11 सेकेंड के भीतर पूरा करना आवश्यक है। इसी प्रकार, 200 मीटर दौड़ के लिए मानक 22.50 सेकेंड, 400 मीटर के लिए 49 सेकेंड, 800 मीटर के लिए 1 मिनट 55 सेकेंड और 1500 मीटर दौड़ के लिए 3 मिनट 58 सेकेंड निर्धारित किया गया है। लंबी दूरी के धावकों के लिए 3000 मीटर दौड़ का मानक 9 मिनट 15 सेकेंड रखा गया है।
बाधा दौड़ में पुरुषों को 400 मीटर 54 सेकेंड में पूरी करनी होगी। कूद स्पर्धाओं में लंबी कूद के लिए मानक 6.90 मीटर और पोल वॉल्ट के लिए 4 मीटर निर्धारित किया गया है। थ्रोइंग इवेंट्स में शॉटपुट के लिए 15 मीटर और भाला फेंक के लिए 62 मीटर की दूरी तय करना अनिवार्य है।
महिला वर्ग के एथलीटों के लिए 100 मीटर दौड़ के लिए मानक 12.90 सेकेंड, 200 मीटर के लिए 25.30 सेकेंड, 400 मीटर के लिए 58 सेकेंड, 800 मीटर के लिए 2 मिनट 15 सेकेंड और 1500 मीटर दौड़ के लिए 4 मिनट 25 सेकेंड रखा गया है।
3000 मीटर दौड़ के लिए महिला एथलीटों को 10 मिनट 20 सेकेंड का समय सीमा पार करना होगा। 400 मीटर बाधा दौड़ के लिए मानक 1 मिनट 3 सेकेंड, लंबी कूद के लिए 5 मीटर, पोल वॉल्ट के लिए 3.80 मीटर, शॉटपुट के लिए 11.50 मीटर और भाला फेंक के लिए 43 मीटर की दूरी निर्धारित की गई है।