मुख्तार अंसारी पर शिकंजा, निशाने पर है आर्थिक साम्राज्य, गैंग और करीबियों पर हो रही कार्रवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश सरकार माफियाओं केखिलाफ बड़ा अभियान चला रही है। जेल में बंद पूर्वांचल के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी गैंग का आर्थिक साम्राज्य निशाने पर है। पूर्वांचल के वाराणसी, मऊ, गाजीपुर, आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली और बलिया से लेकर राजधानी तक में मुख्तार से सीधे और परोक्ष रूप से जुड़े करोड़ों के अवैध कारोबार व संपत्तियों को जब्त तो कहीं मुक्त कराया गया है। बड़ी तादात में मुख्तार केकरीबियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। गिरोह से जुड़े लोगों की हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ अपराधियों को जेल भेजा जा रहा है।
गाजीपुर में मुख्तार के परिजनों एवं करीबियों के कुल 47 शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए हैं और गैंग के सदस्यों व करीबियों से 39 करोड़ 83 लाख रुपये की संपत्ति अवमुक्त कराई गई। जौनपुर में मुख्तार के करीबी शहर के जोगियापुर मोहल्ला निवासी रवींद्र निषाद पर पुलिस ने गैंगस्टर व कुर्की की कार्रवाई की है।
उसका दो करोड़ का निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल, एक दो मंजिला मकान, चार पहिया वाहन समेत करीब चार करोड़ की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। रवींद्र फिलहाल जेल में है। पुलिस के मुताबिक रवींद्र मुख्तार के लिए अन्य दुकानदारों से वसूली भी करता था। मऊ में मुख्तार गैंग के सदस्यों की 17.50 लाख की संपत्ति सीज की गई।
इसके अलावा 80 की हिस्ट्रीशीट खोली गई। 173 का गैंगस्टर में चालान किया गया। डीएम ने 12 को जिला बदर किया है। गैंग के 24 सदस्यों के असलहे जब्त कर उनके लाइसेंस को निरस्त किए गए हैं जबकि दो के असलहा लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया चल रही। एसपी मनोज कुमार सोनकर का कहना है संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई जारी रहेगी।
बनारस में मुख्तार गिरोह से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार कर 85 लाख की संपत्ति जब्त की गई है। इसमें से छावनी क्षेत्र के बंगला नंबर 51 निवासी मछली व्यवसायी मो. सलीम के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई कर उसकी 26,33,188 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
वहीं, चित्रकूट जेल में बंद मुख्तार गिरोह के शूटर हाशिमपुर (रमदतपुर) निवासी श्रीप्रकाश मिश्रा उर्फ झुन्ना पंडित की 58 लाख 91 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। आजमगढ़ में मुख्तार समर्थकों/करीबियों के आठ शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई हुई है । इन सभी के असलहे थाने में जमा करा लिए गए हैं।
इसके अलावा तीन करीबियों के कब्जे से सरकारी जमीनें खाली कराई गईं। वहीं दो लोग गिरफ्तार भी किए गए। जिनके माध्यम से मुख्तार का मछली व पशु तस्करी का अवैध कारोबार संचालित होता था। चंदौली में मुख्तार के करीबी व मछली कारोबारी मोहम्मद सलीम के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई के तहत शिवपुर थाने की पुलिस ने सतपोखरी स्थित उसके मकान और जमीन को कुर्क कर लिया है। 29 जून को वाराणसी पुलिस ने सलीम के आवास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली बरामद की थी।