Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...2 लोगों की मौत, 101 मोबाइल चुराने वाला 25 हजार का इनामी अरेस्ट; खबरें
Varanasi News: वाराणसी के जंसा और चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुए हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गवां दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, कैंट थाना पुलिस ने पांच साल से फरार इनामिया को अंबेडकर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: जंसा थाना क्षेत्र के रिंग रोड फेज-2 में हरसोस गांव के पास शनिवार देर शाम घायल मिले ऑटो चालक की बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान चौखंडी गांव निवासी वीरेंद्र कुमार (45) के रूप में हुई है। वीरेंद्र कुमार शनिवार सुबह अपने घर से रोज की तरह ऑटो लेकर कमाई के लिए निकले थे।
देर शाम उनका ऑटो हरसोस गांव के पास रिंग रोड किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा मिला, जबकि वह गंभीर रूप से घायल हालत में सड़क किनारे पड़े मिले। पुलिस ने उन्हें बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा था। चार दिन तक उपचार के बाद बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई। पत्नी लक्खी देवी, एक पुत्र और एक पुत्री का रोकर हाल बेहाल है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
गाजीपुर की रहने वाली थी रोडवेज बस की टक्कर से मरने वाली महिला
चौबेपुर क्षेत्र के डुबकियां बाजार में पेट्रोल पंप के सामने कट पर बुधवार शाम 4.50 बजे रोडवेज बस की टक्कर से महिला की मौत के मामले में उसकी शिनाख्त हो गई है। मृतका की पहचान इंद्रकला तिवारी (38) पत्नी रामप्रवेश तिवारी निवासी डेढ़वल गाजीपुर के रूप में हुई है। हादसे के समय बाइक चला रहे रिटायर्ड दारोगा शिवपूजन तिवारी, निवासी मुरीदपुर भी घायल हो गए थे। इंद्रकला शिवपूजन से लिफ्ट लेकर बाइक पर बैठी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीछे से रोडवेज बस की टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिर पड़ी और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के देवर दिनेश तिवारी ने बताया कि उनके भाई रामप्रवेश तिवारी हैदराबाद में नौकरी करते हैं, जबकि उनका बेटा मां के साथ लेढूपुर में पढ़ाई करता है। प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव की शिनाख्त होने के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पांच साल से फरार 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, 101 मोबाइल की चोरी में था वांछित
कैंट थाना पुलिस ने पांच साल से फरार 25 हजार के इनामिया श्रवण महतो उर्फ मोकामा को सुबह 7.30 बजे अंबेडकर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी पर संगठित गिरोह के साथ मिलकर 101 मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप है। श्रवण महतो उर्फ मोकामा निवासी बाबूपुर थाना तीन पहाड़ जिला साहेबगंज झारखंड का है।
2021 में कैंट थाने में दर्ज मोबाइल चोरी के मामले में उसका नाम सामने आया था। तब से भागा हुआ था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी चोरी किए गए मोबाइल फोन बाजार में बेचने का काम करता था। मामले में न्यायालय ने वारंट जारी किया था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।
शादीशुदा युवक पर युवती को भगाने का आरोप, आरोपी हिरासत में
शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी शादीशुदा व्यक्ति पर 21 साल की युवती को बातों में उलझाकर साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। खोजबीन के बाद आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया। पिता के अनुसार उनकी बेटी को थाना क्षेत्र का रहने वाला विकास पटेल दो अप्रैल को पांडेयपुर के एक कॉलेज के बाहर से साथ लेकर चला गया। विकास शादीशुदा है और एक बच्चा भी है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर बेटी को भरोसे में लिया। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
अवैध कोचिंग और स्कूलों पर होगी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने डीआइओएस, बीएसए और बीईओ को पत्र लिखकर अमान्य विद्यालयों के खिलाफ 18 अप्रैल तक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि जांच के दौरान निजी कोचिंग में संलग्न शिक्षकों की भी जांच कर कार्रवाई करें। रिपोर्ट भी देेने को कहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिषद की विनियमावली और शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत बिना मान्यता प्राप्त विद्यालय की स्थापना और संचालन प्रतिबंधित है। जिले में ऐसे संस्थानों को चिह्नित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग का सहयोग लिया गया है। बीएसए से बीईओ को अवैध संस्थानों को चिह्नित कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। जल्द ही इसकी सूची बोर्ड को उपलब्ध कराई जाएगी। पिछले साल 25 संस्थानों पर कार्रवाई हुई थी।
पागल कुत्ते ने उमरहा, खानपुर में पांच लोगों को काटा, एक गंभीर
विकासखंड के ग्राम पंचायत उमरहा और खानपुर में बृहस्पतिवार सुबह एक पागल कुत्ते ने पांच लोगों को काट लिया। एक की हालत गंभीर है। क्षेत्र में लोगों में डर बना हुआ है। उमरहा निवासी नंदलाल राजभर के कमरे में एक पागल कुत्ता घुसकर बैठ गया। जब नंदलाल कमरे में पहुंचे और कुत्ते को बाहर भगाने का प्रयास किया तभी उसने उन पर झपट्टा मारकर चेहरे को बुरी तरह नोच लिया। वह चिल्लाने लगे। लोग मौके पर पहुंचे तभी कुत्ते ने वहां से निकलकर गांव की निधि पाण्डेय (19) को भी काट लिया।
इसके बाद खानपुर गांव में भी उसने सूर्यांश, धीरेंद्र और हितेश को काट लिया। ग्रामीणों ने कुत्ते को पकड़ने के लिए खोजबीन शुरू की, जिसके बाद वह गांव की बस्ती से कुछ दूरी पर मरा मिला। घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए पहुंचाया गया। पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि सभी घायलों का उपचार कर दिया गया है। गंभीर रूप से घायल नंदलाल राजभर को बेहतर इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा रेफर कर दिया गया है।
दवा लेने निकली विवाहिता चार वर्षीय बच्ची संग लापता
फूलपुर थाना क्षेत्र निवासी विवाहिता चार साल की बेटी के साथ दवा लेने निकली, लेकिन घर नहीं लौटी। खोजबीन कर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। तहरीर में बताया गया कि विवाहिता 8 अप्रैल की सुबह 9 बजे स्कूटी से बेटी के साथ पिंडरा बाजार दवा लेने के लिए निकली थी। पिंडरा में एक दुकान के पास स्कूटी खड़ी कर उसने सब्जी विक्रेता को चाबी देते हुए कहा कि उसके पिता आएं तो दे देना। इसके बाद वहां से चली गई। शाम तक घर न लौटने पर मायके व ससुराल पक्ष के लोग चिंतित हो गए और खोजबीन के बाद बृहस्पतिवार को गुमशुदगी दर्ज कराई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि खोजबीन की जा रही है।
गांजा तस्करी की फर्जी सूचना पर पुलिस रही परेशान
गांजा तस्करी की गलत सूचना पर पुलिस घंटों परेशान रही। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि बिहार नंबर की एक सफेद कार में एक कुंतल गांजा लेकर कुछ लोग रिंग रोड से उतरकर सारनाथ क्षेत्र की ओर आ रहे हैं। सुबह 9.30 बजे थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ फरीदपुर रिंग रोड अंडरपास के पास पहुंच गए और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान बिहार नंबर की एक सफेद कार को रोककर पुलिस ने सघन तलाशी ली।
कार में रखे चार बोरों, सीटों के नीचे और पीछे की डिग्गी की भी जांच की गई। वाहन में सवार तीन युवकों से भी पूछताछ की गई, जिनमें से दो युवक पटना (बिहार) के और एक वाराणसी के पहड़िया क्षेत्र का निवासी बताया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ तीनों ने बताया कि वे मजदूरी करने के लिए सारनाथ आए हैं और कमरा लेकर रहने की योजना है।
युवक की पिटाई करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धनपुर निवासी करन और सूरज की कुछ युवकों ने लौटूवीर के पास पिटाई कर दी। मारपीट में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। करन की मां रानी देवी की तहरीर पर लंका थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
छेड़खानी के मामले में आरोपी मोहम्मद इम्तियाज निवासी अशफाक नगर कॉलोनी मंडुवाडीह को चेतगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ युवती से छेड़खानी के मामले में प्राथमिकी दर्ज थी। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा गया।
गैस एजेंसी पर कालाबजारी की शिकायत
गैस की कालाबाजारी को लेकर मुरलीधर सिंह, सुरेंद्र नाथ पांडेय, विपिन कुमार शुक्ला व गौतम कुमार झा ने बृहस्पतिवार को अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) संजय कुमार भारतीय से शिकायत की। एजेंसी 25 दिन बाद गैस बुक कर रही है और कई शिकायतों के बाद सप्लाई की जा रही है। साथ ही उपभोक्ताओं को धमकाने का भी आरोप लगाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम आपूर्ति ने जांच के लिए समिति गठित कर दी है।
फर्जी जीएसटी फर्म के माध्यम से कर चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज
फर्जी जीएसटी फर्म से कर चोरी और आईटीसी का गलत लाभ लेने के मामले में चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई। बांसफाटक के हौज खास कटरा निवासी राम कुमार पर उनकी फर्म मेसर्स सर्वश्री गुरुजी इंटरप्राइजेज के नाम पर कार्रवाई की गई है। राज्य कर अधिकारी कमलाकांत भास्कर की तहरीर में बताया गया है कि संबंधित फर्म के संचालक ने जीएसटी रिटर्न दाखिल किया था। विभाग की ओर से सत्यापन किया गया तो फर्म में फर्जीवाड़े का मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बैठक के दौरान मारपीट
चेतगंज थाना क्षेत्र में श्रम विभाग के नाटी इमली कार्यालय में बैठक में मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। ईंट निर्माता परिषद वाराणसी के अध्यक्ष कमलाकांत पाण्डेय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 8 अप्रैल को उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक में चंदौली भट्ठा संघ के महामंत्री रतन श्रीवास्तव ने अभद्रता की। आरोप है कि उनकी फाइल छीनने का प्रयास कर धक्का-मुक्की की और तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर हमला कर दिया। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी की जमानत अर्जी खारिज
चॉकलेट का लालच देकर अपने घर बुलाकर नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में आरोपी को अदालत ने जमानत देने से इन्कार कर दिया। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) अजय कुमार की अदालत ने आरोपी मल्लू यादव उर्फ विनोद यादव की जमानत अर्जी खारिज कर दी। वादी ने दशाश्वमेध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
आरोप था कि वह अपने निजी कार्य से 7 जनवरी 2026 को घर से बाहर गए थे। उसी समय 13 साल की छोटी बहन घर पर अकेले थी। आरोपी मल्लू यादव उसे चॉकलेट देने के बहाने अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया। वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी दी। 14 जनवरी 2026 को उसने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक का पैर कटा
लोहता थाना क्षेत्र के भट्ठी गांव के सामने बृहस्पतिवार दोपहर में ट्रेन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उसका एक पैर कट गया। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भेजवाया। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि घायल की पहचान आसिफ (26) पुत्र समीम निवासी महमूदपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आसिफ की चार साल से मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। बृहस्पतिवार को वह घर पर खाना खाने के बाद निकला और रेलवे लाइन के पास टहल रहा था। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसका बायां पैर कट गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
दानपात्र तोड़कर नकदी, घंटा व पंखा चोरी
लोहता थाना क्षेत्र के भरथरा गांव में पीसौर पुल के पास बने बाढूबीर बाबा मंदिर में चोरों ने दानपात्र तोड़कर नकदी समेत मंदिर का घंटा और पंखा चोरी कर लिया। सुबह पुजारी के मंदिर पहुंचने पर वारदात का पता चला। पुजारी राजकुमार यादव ने बताया कि सुबह देखा कि दानपात्र का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी नकदी गायब थी। मंदिर के बाहर लगा पंखा और कई घंटियां भी चोर उठा ले गए थे। घटना की सूचना तत्काल लोहता थाने में दी गई। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
महंगाई के विरोध में महिलाओं ने किया प्रदर्शन
बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की किल्लत से परेशान महिलाओं ने बृहस्पतिवार को रविंद्रपुरी स्थित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया। इस दौरान पीएम के संसदीय कार्यालय जाते समय महिलाओं को पुलिस ने रोक लिया। अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन की प्रदेश सचिव कुसुम वर्मा ने कहा कि हाल में जो महंगाई और रसोई गैस की किल्लत लोगों ने झेली, वह सरकार की गलत विदेश नीति का नतीजा है। महिलाओं ने सम्मानजनक रोजगार की गारंटी की मांग की। संचालन सुजाता भट्टाचार्य ने किया। इस अवसर पर रोजा मैथ्यू, विभा वाही, सीमा सूतपा, रेणुका, सीमा, धनशीला, रेणुका आदि मौजूद रही।
युवा कांग्रेस संगठन नहीं, देश के युवाओं की आवाज : राघवेंद्र चौबे
महानगर युवा कांग्रेस वाराणसी की नवगठित कमेटी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक एवं सम्मान समारोह मैदागिन में हुआ। इस दौरान पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि युवा कांग्रेस केवल एक संगठन नहीं, बल्कि देश के युवाओं की आवाज है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है और ऐसे में महानगर युवा कांग्रेस के प्रत्येक पदाधिकारी को संगठन के सिद्धांतों, विचारधारा एवं जनसेवा की भावना को लेकर पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना होगा। मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, राष्ट्रीय सचिव युवा कांग्रेस रोशनी जायसवाल रही।
विशिष्ट अतिथियों में ओमप्रकाश ओझा, फसाहत हुसैन बाबू, मनीष मोरोलिया, अरविंद किशोर राय, देवेंद्र सिंह, सुनील श्रीवास्तव आदि शामिल रहे। संयोजन महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा और संचालन महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस मयंक चौबे ने किया। कार्यक्रम के अंत में पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
केंद्रीय मंत्री ने सीआरसी का किया उद्घाटन
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने खुशीपुर स्थित समेकित क्षेत्रीय केंद्र (सीआरसी) के अस्थायी भवन एवं क्रॉस डिसेबिलिटी शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र का उद्घाटन किया। पुनर्वास केंद्र की सेवाओं का अवलोकन किया। दिव्यांगजन हित में संचालित सेवाओं की सराहना की। संबंधित अधिकारियों को सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुंच को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने लाभार्थी वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण वितरण भी किया।
कहा कि सरकार दिव्यांगजन एवं वरिष्ठजनों के सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। स्वागत सीआरसी के निदेशक डॉ. आशीष कुमार झा ने किया। इस मौके पर पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांगजन संस्थान नई दिल्ली जनरल काउंसिल की सदस्य कमलजीत कौर गिल, उत्तम ओझ, नमो नारायण पाठक, आशीष परासर, अंशू शाही, दिनेश जायसवाल, अनिल यादव आदि रहे।
बंगलूरू के लिए अकासा एयर की नई उड़ान शुरू, पहले दिन गए 165 यात्री
बाबतपुर। बंगलूरू जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से अकासा एयर की एक और नई उड़ान सेवा 8 अप्रैल से शुरू हो गई है। यह फ्लाइट प्रतिदिन दोपहर 1:15 बजे वाराणसी से बंगलूरू के लिए रवाना होगी। पहले दिन 165 यात्री बंगलूरू रवाना हुए। अब वाराणसी से बंगलूरू के लिए रोजाना कुल 10 उड़ानें संचालित हो रही हैं। इनमें इंडिगो की 5, एयर इंडिया एक्सप्रेस की 3 और अकासा एयर की 2 उड़ानें शामिल हैं।
अकासा एयर इससे पहले 17 फरवरी को भी बंगलूरू के लिए नई सेवा शुरू कर चुकी है। अकासा के यूपी सेल्स हेड राहुल सिंह ने बताया कि यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए इस नई सेवा की शुरुआत की गई है। वर्तमान में एयरलाइन की ओर से क्यूपी 1424, क्यूपी 1614 और क्यूपी 2002 विमान संचालित किए जा रहे हैं।
नई शुरू हुई सेवा के तहत बुधवार को विमान संख्या क्यूपी 1520 ने 165 यात्रियों को लेकर वाराणसी से 1:15 बजे बंगलूरू के लिए उड़ान भरी। वहीं, वापसी में विमान संख्या क्यूपी 1519 सुबह 9:55 बजे 186 यात्रियों के साथ बंगलूरू से वाराणसी दोपहर 12:40 बजे पहुंची। यह नई उड़ान सेवा यात्रियों को अधिक विकल्प प्रदान करने के साथ ही दोनों शहरों के बीच हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।
बीएचयू में लिपिक परीक्षा के विरोध में संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन
बीएचयू में कनिष्ठ लिपिक की भर्ती के लिए परीक्षा के विरोध में बृहस्पतिवार को संविदा कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। पहले सेंट्रल ऑफिस और बाद में मधुबन पार्क में प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा स्थगित करने की मांग की। धरने के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से सेवा देने वाले कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जा रहा है। पिछले दिनों विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तृतीय, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए समिति का गठन भी किया गया है।
बताया कि विश्वविद्यालय ने 199 लिपिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। लिखित परीक्षा भी प्रस्तावित की गई है। कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा स्थगित करने की मांग की। बीएचयू प्रशासन की ओर से रात में जारी स्पष्टीकरण में बताया गया कि संविदा कर्मियों के नियमितीकरण के लिए समिति गठित है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। जूनियर क्लर्क भर्ती परीक्षा का प्रश्न पूरी तरह असंबंधित है। संविदा कर्मियों का मुद्दा सेवा के नियमितीकरण का है।