बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में विज्ञान भारती का 7वां राष्ट्रीय अधिवेशन 13-14 जून को होगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन शनिवार को करेंगे। दो दिन तक चलने वाले इस अधिवेशन में आयुष मंत्रालय के सचिव, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के अध्यक्ष सहित देशभर से विद्वान विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार पर मंथन कर इसका नया रोड मैप तैयार करेंगे।
बीएचयू जनसंपर्क कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. शिवकुमार शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव विवेकानंद पाई, सचिव डॉ. तृप्ता ठाकुर, बीएचयू वैदिक विज्ञान केंद्र के समन्वयक प्रो. विनय कुमार पांडेय ने बताया कि आयोजन को लेकर अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है। बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन में देश, विदेश में विज्ञान भारती के सदस्य, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद्, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि को मिलाकर करीब 1200 से ज्यादा लोग शामिल होंगे। आयोजकों ने बताया कि उद्घाटन सत्र विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार एवं राष्ट्रीय विकास से संबंधित विचार-विमर्श की दिशा निर्धारित करेगा। इसमें विशिष्ट अतिथि आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेखर सी मांडे मौजूद रहेंगे। अधिवेशन में नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार का सार्वजनिक व्याख्यान भी होगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल और अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर भी व्याख्यान देंगे।