आजमगढ़ में मुंबई से आए एक प्रवासी ने 16 लोगों को किया संक्रमित
आजमगढ़ जिले के नेतपुर गांव में मुंबई से आए प्रवासी से 16 लोगों में संक्रमण फैल चुका है। इसमें 9 एक ही परिवार के और पट्टीदार हैं। बाकी उसके क्लोज काटैक्ट के लोग हैं। मुंबई से आए उक्त परिवार और पट्टीदारी के कई लोग अभी भी क्वारंटीन हैं और उनकी रिपोर्ट आनी बाकी है।
17 मई को नेतपुर गांव में एक परिवार मुंबई से कार से घर आया था। इसमें एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और पुत्र-पुत्री शामिल थे। व्यक्ति की हालत बिगड़ने पर उसे राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। यहां से सैंपल लेने के बाद उसे लखनऊ रेफर किया गया था। 19 मई को लखनऊ में उसकी मौत हो गई थी। मौत होने के बाद उसकी रिपोर्ट पाजिटिव आई थी।
बाद में उसके परिवार के लोगों और उनके क्लोज कांटैक्ट की सैंपलिंग की गई तो पत्नी, बेटा, आटो चालक, एंबुलेंस चालक और मेडिकल कालेज में सैंपलिंग करने वाला फार्मासिस्ट पाजिटिव निकले थे। फार्मासिस्ट की रिपोर्ट आने से पहले उसे शहर का साईं होटल में क्वारंटीन किया गया था। रिपोर्ट पाजीटिव आने के बाद होटल के कर्मचारियों की भी सैंपलिंग की गई।
शुक्रवार को आई रिपोर्ट में यहां के दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, नेतपुर में आठ और लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें मुंबई निवासी प्रवासी का दाह संस्कार करने वाले चचेरे भाई, उनकी बहू, एक और चचेरे भाई और उसकी बेटी तथा पोता, चाची, आटो ड्राइवर का बेटा, आटो ड्राइवर से सुर्ती मांग कर खाने वाला गांव निवासी भी संक्रमित हुआ है।
एक ही गांव में 12 लोग समेत कुल 16 लोगों में संक्रमण फैलने से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने खुद को घरों में कैद कर रखा है। मुंबई निवासी की बेटी और दो अन्य महिलाएं राजकीय मेडिकल कालेज में भी भर्ती हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इनमें संक्रमण की पुष्टि नहीं की गई है।