{"_id":"140-80596","slug":"Varanasi-80596-140","type":"story","status":"publish","title_hn":"रोजमर्रा के बर्तनों की खरीद पर रहा जोर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रोजमर्रा के बर्तनों की खरीद पर रहा जोर
Varanasi
Updated Mon, 12 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
वाराणसी। भीड़ से बचने के लिए बहुत से लोगों ने नया बर्तन पहले ही खरीद लिया था, इसके बाद भी धनतेरस के दिन बर्तन की दुकानों पर ग्राहकों का रेला नजर आया। नया बर्तन खरीदकर पूजा करने की परंपरा के चलते बर्तन की दुकानों पर तीन बजे के बाद ऐसी भीड़ उमड़ी कि एक-एक कटोरी, प्लेट खरीदने वालों का घंटों समय जाया हुआ। भीड़ के चलते कई ग्राहक अपनी पसंद के बर्तन नहीं खरीद सके। कारोबारियों के मुताबिक इस बार पिछले साल के मुकाबले बर्तन की खरीदारी अधिक हुई। ज्यादातर खरीदारों का जोर जहां रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाले बर्तनों पर रहा वहीं कई ग्राहकों ने गैस चूल्हा, किचन स्टैंड, स्टील के टब, इंडक्शन चूल्हे भी खरीदे। नान स्टिक बर्तनों की अच्छी बिक्री हुई। व्यापारियों ने दीपावली पर और अधिक बिक्री की उम्मीद लगा रखी है। बर्तन के खरीदारों की भीड़ के चलते लहुराबीर, नई सड़क, मैदागिन, अर्दली बाजार आदि इलाकों में जाम लग गया। चौक, विशेश्वरगंज, मंड़ुवाडीह, लहरतारा, चांदपुर स्थित बर्तन के शोरूमों में ग्राहकों की लंबी लाइन दिखाई दी। जिन दुकानों पर एक-दो कर्मचारी से काम चल जाता था वहां 14-15 सेल्समैन बर्तन बेचते नजर आए। कारोबारियों के मुताबिक लगभग 20 करोड़ के बर्तन बिके।
विज्ञापन