{"_id":"5ad270fe4f1c1b62098b492b","slug":"81523740926-varanasi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिजली गुल, आपरेशन टले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिजली गुल, आपरेशन टले
Updated Sun, 15 Apr 2018 02:52 AM IST
विज्ञापन
वाराणसी। श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में दो दिनों से बिजली की अघोषित कटौती से मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के चलते अस्पताल में घंटों बिजली गुल रही। बिजली न होने की वजह से जहां कई जांचें प्रभावित हुईं, वहीं दो दिनों में दस आपरेशन टाल दिए गए हैं। एक्सरे और अल्ट्रासाउंड की जांच भी नहीं हो पाई। मंडलीय अस्पताल की ओपीडी के ठीक पीछे निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते शुक्रवार की दोपहर 12 बजे भूमिगत बिजली का केबल कट गया। दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित होने से करीब आधा दर्जन आपरेशन टाल दिए गए। जांच भी प्रभावित रही। गर्मी के दिनों में बिजली न रहने से मरीजों को खासी दिक्कत उठानी पड़ी। उधर, शनिवार को दोपहर सवा एक बजे से लेकर दोपहर साढ़े तीन बजे तक तीन बार बिजली कटी। दूसरे दिन चार आपरेशन टाले गए। फिलहाल इसमें कोई इमरजेंसी आपरेशन नहीं था। मरीजों को नई तिथि दे दी गई है। प्रमुख अधीक्षक डॉ. बीएन श्रीवास्तव ने बताया कि निर्माण कार्य के चलते भूमिगत केबल कटने की वजह से हुई। चूंकि भूमिगत केबल कटी है इसलिए जनरेटर भी नहीं चलाया जा सका। निर्माण कार्य करने वाली संस्था को हिदायत दी गई है कि समस्या को जल्द से जल्द दूर करें।
----
विज्ञापन
----