UP: म्यूजिक सिस्टम बजाकर की तांत्रिक की हत्या, टैटू से हुई पहचान, छह गिरफ्तार; मर्डर के बाद साक्ष्य मिटाए थे
Varanasi News: वाराणसी में म्यूजिक सिस्टम बजाकर तांत्रिक की हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीन भाइयों ने ममेरे भाइयों और दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने शव पर बने टैटू के आधार पर मृतक की पहचान कर मामले का खुलासा किया।
विस्तार
लालपुर पांडेयपुर थाना पुलिस ने तांत्रिक अनीश उपाध्याय की एक जुलाई को कंदवा कंचनपुर में हुई हत्या के आरोपी सोनू, विशाल, विकास कुमार गौड़, साहिल गौड़, अभिषेक उर्फ रोहित कश्यप और मोहित कश्यप को गिरफ्तार किया।
हत्यारोपियों में सोनू, विशाल और विकास गौड़ सगे भाई हैं जबकि कानपुर निवासी अभिषेक और मोहित मामा के बेटे हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में उपयोग लकड़ी का स्टूल, लोहे की रॉड और म्यूजिक सिस्टम बरामद किया है। हत्या के दौरान तांत्रिक की आवाज बाहर ना जाए इसके लिए आरोपियों ने तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बजा रखा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अंधविश्वास और परिवार में चल रही बीमारी व परेशानियों के बीच तांत्रिक से पूजा-पाठ के लिए उसके घर लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के ओमनगर कॉलोनी से उसे लेने 30 जून को स्कूटी से पहुंचे थे। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा कंचनपुर अपने किराये के मकान पर ले गए।
आरोपियों ने तांत्रिक को बताया कि विकास की बीमारी में सुधार नहीं हो रहा और साहिल पर भी भूत-प्रेत का असर लग रहा। एक जुलाई की दोपहर तांत्रिक अनीश की कमरे में हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, सोनू का भाई विकास गौड़ मिर्गी का मरीज था।
उसका उपचार तंत्र-मंत्र से करा रहे थे और आरोपी से मार्च से ही संपर्क में थे। तंत्र-मंत्र से समस्याएं घटने की बजाए बढ़ने पर इलाज के लिए विकास को कानपुर अपने मामा के यहां लेकर गए। मामा के बेटों अभिषेक और मोहित के साथ मिलकर तांत्रिक की हत्या की साजिश रची। कानपुर से लौटने के बाद हत्या को अंजाम दिया और शव को बोरी में भरकर स्कूटी पर रखकर ले गए। शव को लंका पुलिस ने बरामद किया था। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने अंतिम संस्कार कर दिया था।
मृतक की पत्नी ने नौ जुलाई को दर्ज कराई गुमशुदगी : पुलिस के मुताबिक, अनीश पूजा-पाठ कराता था। नौ जुलाई को उसकी पत्नी गूंजा ने लालपुर पांडेयपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 13 अगस्त को पत्नी ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने पति की हत्या कर शव को झाड़ियों में छिपा दिया है। गुंजा ने बताया कि अनीश एक दशक तक घर से बाहर रहा। इस दौरान बाबाओं के संपर्क में रहा। तंत्र-मंत्र करता था।
खून मिटाया, रूम फ्रेशनर और बॉडी स्प्रे किया : पुलिस के मुताबिक, हत्या के दौरान उसकी चीख बाहर न सुनाई दे, इसके लिए कमरे में म्यूजिक सिस्टम पर तेज आवाज में गाने चलाए गए। खून के निशान भी मिटाए। हत्या के बाद कमरे की दीवार और फर्श पर पड़े खून के छींटों को धो दिया। बदबू न आए, इसके लिए कमरे में रूम फ्रेशनर और बॉडी स्प्रे का छिड़काव किया गया। पुलिस जांच में ये भी सामने आया कि आरोपियों में शामिल सोनू को शक था कि तांत्रिक ने उसकी पत्नी को सम्मोहित कर लिया है। इस बात से भी सोनू आक्रोशित था।
तांत्रिक के हाथ पर था पत्नी गुंजा के नाम का टैटू, पत्नी ने की शिनाख्त
लंका थाना क्षेत्र के रमना में शव मिला था। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत अंतिम संस्कार करा दिया गया। पुलिस ने मृतक की फोटो पुलिस व्हॉट्सएप ग्रुप में साझा की। ताकि पहचान हो सके। 13 अगस्त को शक के आधार पर मृतक के परिजन लालपुर पांडेयपुर थाने पहुंचे। मृतक के हाथ पर पत्नी का उपनाम गुंजा वाला टैटू बना था। इससे अनीश की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा।
मामले में अन्य जांच चल रही है। हत्या को बड़े पेशेवर तरीके से अंजाम दिया गया था। इस मामले में सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। - लिपि नागायच, एडीसीपी वरुणा जोन