Varanasi News: 50 बच्चों ने खुद खबरें चुनीं, बनाया अखबार, हुए सम्मानित; शामिल हुए 30 विद्यालयों के 4500 बच्चे
Varanasi News: अमर उजाला दफ्तर में आए बच्चों को बताया गया कि अखबार में न सिर्फ देश विदेश की घटनाओं की जानकारी होगी बल्कि आपको समाज की व्यवहारिकता पता चलती है। कई बार हम लोगों को अखबार पढ़ के ही जानकारी होती है।
विस्तार
अमर उजाला की ओर से शनिवार को जिले के टॉप-50 बच्चों को सम्मानित किया गया। इन बच्चों को बेस्ट अखबार डिजाइन करने के लिए मुख्य अतिथि बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने सम्मानित किया। बच्चों को प्रतियोगिता की अलग-अलग श्रेणी में अव्वल स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कार दिए गए।
अमर उजाला की ओर से अखबार के प्रति रुचि जगाने के लिए बच्चों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस क्रम में 10 फरवरी से 10 मार्च तक अपना अखबार खुद बनाएं थीम पर प्रतियोगिता कराई गई। इसमें जिले के 30 विद्यालयों के 4500 बच्चों ने हिस्सा लिया। इस अभियान के तहत अखबार पढ़ने, उसमें से खास खबरों का चयन कर उन्हें काटने, तय लेआउट में उन कटिंग को चिपकाते हुए नया अखबार बनाया।
नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल और वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ भट्टाचार्य ने इस प्रतियोगिता में जज की भूमिका निभाई। चयनित 50 बच्चों को शनिवार को बीएसए ने सम्मानित किया। बीएसए ने कहा कि विद्यालयों में अखबार पढ़ाने के लिए शासन से आदेश मिला है। सभी बच्चे अखबार जरूर पढ़ें। इससे आपको जानकारी भी होगी और शब्दकोष बढ़ेगा।
इन स्कूलों के बच्चे शामिल
निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज, आर्य महिला इंटर कॉलेज, आरएस कॉन्वेंट सैनिक स्कूल, हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज, मदरलैंड स्कूल, एओ मुस्लिम इंटर कॉलेज, बसंत कन्या इंटर कॉलेज, कर्दमेश्वर इंटर कॉलेज, भीमराव आंबेडकर स्कूल, कृष्ण मोहिनी स्कूल, ज्ञान गंगा स्कूल, पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, सिल्वर ग्रोव स्कूल, कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज, एमबीएस कॉन्वेंट स्कूल, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, खेदन लाल इंटर कॉलेज, वल्लभ विद्यापीठ स्कूल, वनीता पब्लिक स्कूल।