BHU: पैन इंडिया 37 स्वयम कोर्स में 39 हजार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, कार्यशाला में पाठ्यक्रमों पर बताईं बारीकियां
बीएचयू में स्वयम पाठ्यक्रमों पर कार्यशाला में बारीकियां बताई गईं। जुलाई 2024 में 15 और जनवरी 2025 में 22 पाठ्यक्रम शुरू किए गए। इसमें 39,000 छात्रों ने पैन इंडिया नामांकन किया।
विस्तार
बीएचयू में बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालयों और संबद्ध कॉलेजों में स्वयम पाठ्यक्रमों के एकीकरण और क्रियान्वयन की कार्यशाला में कोर्स पर विस्तार से चर्चा की गई। जुलाई 2024 में 15 और जनवरी 2025 में 22 पाठ्यक्रम शुरू किए गए। इसमें 39,000 छात्रों ने पैन इंडिया नामांकन किया। ऐसे में बीएचयू को ट्रिपल ए प्रमाणन मिला है। स्वतंत्रता भवन में पहली क्षेत्रीय कार्यशाला उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के उच्च शिक्षा संस्थानों में स्वयम पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हुई।
समन्वयक डॉ. आशुतोष मोहन ने कहा कि एनपीटीईएल पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए टॉप 100 एसपीओसी में भी बीएचयू को स्थान मिला है। 2021-2024 के शैक्षणिक वर्ष में बीएचयू के छात्रों के कुल क्रेडिट ट्रांसफर लाभार्थियों की संख्या 20,000 पार हो गई है। बीएचयू के कार्यवाहक कुलपति प्रो. संजय कुमार ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में सहायक है।
यूपी के उच्च शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव शिपू गिरि ने स्वयम कोर्सेज के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से एकीकरण और विश्वविद्यालयों में पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने की बात कही। यूजीसी में संयुक्त सचिव डॉ. दीक्षा राजपूत ने कौशल, रोजगार संबंधी पाठ्यक्रमों के क्रेडिट ट्रांसफर और परीक्षा ढांचे के बारे में बताया।
डिजिटल प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों के लिए सहायक
शिक्षा मंत्रालय में उप सचिव रोहित त्रिपाठी ने कहा कि स्वयम जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म सहायक सिद्ध हो सकते हैं। शिक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव गोविंद जायसवाल ने प्लेटफॉर्म की विकास यात्रा बताई। आईआईटी मद्रास से प्रो. आर सारथी ने पोर्टल की विशेषताओं पर चर्चा की। पोर्टल पर 11 हजार कंपनियां संबद्ध है जो इंटर्नशिप कराती हैं।
आईआईएम बंगलूरू से प्रोफेसर वसंथि श्रीनिवासन ने शिक्षकों को कॅरिअर ओरिएंटेड यूनिक पाठ्यक्रमों को विकसित करने पर बल दिया। आईआईटी कानपुर से प्रो. सात्यकि रॉय, अलीगढ़ मुस्लिम विवि से प्रो. आसिम जफर, डॉ. नेहा पांडे ने भी बात रखी।