वाराणसी: 2570 मोबाइल और 113 सिम कार्ड बरामद, कबाड़ के नाम पर खरीदकर दूसरे राज्यों में बेचने का आरोप; 5 अरेस्ट
कपसेठी पुलिस ने बरकी पेट्रोल पंप के पास बंद चंदन ढाबे पर खड़े डीसीएम से 2570 मोबाइल फोन, 113 सिम कार्ड और 2149 रुपये बरामद किए। मौके से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के पांच लोग गिरफ्तार किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी पुराने मोबाइल के बदले बर्तन देकर उन्हें बंगाल में बेचते थे।
विस्तार
वाराणसी में कपसेठी पुलिस ने बरकी पेट्रोल पंप के पास बंद पड़े चंदन ढाबे पर खड़े डीसीएम की तलाशी लेकर 2570 मोबाइल फोन और विभिन्न कंपनियों के 113 सिम कार्ड बरामद किए। मौके से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांवों में फेरी लगाकर पुराने मोबाइल के बदले बर्तन देते थे और फिर मोबाइल फोन बंगाल में बेच देते थे। डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में चोरी की घटनाओं की रोकथाम और संदिग्धों की तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बंगाल नंबर का एक डीसीएम संदिग्ध सामान के साथ बरकी पेट्रोल पंप के पास खड़ा है। सूचना के आधार पर कपसेठी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली। इस दौरान डीसीएम से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद हुए।
पुलिस करेगी कार्रवाई
बरामद मोबाइल फोन में 345 एंड्रॉयड और 2225 कीपैड फोन शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के 113 सिम कार्ड और आरोपियों के पास से 2149 रुपये नकद मिले। पुलिस ने मौके से मुर्शिदाबाद जिले के बाबुर अली, मंटू खां, नारजूल शेख, लालबाबू शेख और मिलन शेख को गिरफ्तार किया।
अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन निपेंद्र ने बताया कि आरोपी गांवों में घूमकर लोगों से पुराने मोबाइल फोन लेते थे और बदले में उन्हें बर्तन देते थे। इसके बाद इन मोबाइलों को पश्चिम बंगाल में बेच दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, इसी डीसीएम से तीसरी बार मोबाइल फोन लादकर भेजे जा रहे थे। ऐसे में पुलिस बरामद मोबाइल फोन के स्रोत और उनके परिवहन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद मोबाइल फोन चोरी के हैं या किसी अन्य स्रोत से जुटाए गए थे, इसकी पुष्टि जांच के बाद होगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोबाइल फोन कहां से एकत्र किए गए और इन्हें कहां बेचा जाना था। कार्रवाई करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।