UP: आरक्षी भर्ती परीक्षा में 2395 ने बनाए रखी दूरी, इस जिले में पहुंचे 7205 अभ्यर्थी; चेहरों पर मुस्कान रही
Ghazipur News: गाजीपुर में आरक्षी भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन दोनों पालियों में कुल 9,600 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,205 ने परीक्षा दी, जबकि 2,395 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। केंद्रों से बाहर निकले कई अभ्यर्थियों के चेहरों पर संतोष और मुस्कान दिखाई दी। अधिकांश परीक्षार्थियों ने पेपर को संतुलित बताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गाजीपुर जिले में आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा तीसरे दिन बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल संपन्न हो गई। अंतिम दिन दोनों पाली में कुल पंजीकृत 9600 में 7205 ने परीक्षा दी। जबकि 2395 अनुपस्थित रहे, इसमें पहली में 1241 और दूसरी पाली में 1154 ने परीक्षा से दूरी बनाए रखी।
परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को आसान से मध्यम स्तर का बताया। रीजनिंग और गणित के कुछ सवालों ने थोड़ा परेशान किया लेकिन कुल मिलाकर कई के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी।
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए परीक्षार्थी दोनों पाली में निर्धारित समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। सभी केंद्रों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती रही और सघन जांच के बाद ही उनको प्रवेश दिया गया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी वेद चौहान ने बताया कि तीन दिवसीय परीक्षा पूरी तरह व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। अंतिम दिन पहली पाली में पंजीकृत 4800 के सापेक्ष 74.15 फीसदी यानी 3559 ने परीक्षा दी जबकि शेष 1241 अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में 4800 को सम्मिलित होना था लेकिन 75.95 प्रतिशत यानी 1154 ने परीक्षा छोड़ दी और शेष 3646 ने परीक्षा दी।
उन्होंने बताया कि दूसरे दिन दोनों पालियों में परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों की मिश्रित प्रतिक्रिया रही। उनका कहना था कि कुछ सवाल थोड़े पेचीदा और समय लेने वाले थे, लेकिन तैयारी करने वाले छात्रों के लिए आसान थे। सामान्य ज्ञान के प्रश्नों का स्तर सामान्य रहा, जिसे अभ्यर्थियों ने करने लायक बताया। कई परीक्षार्थियों के चेहरे पर मुस्कान रही।
पेपर अच्छा था, इसमें गणित एवं रीजनिंग के प्रश्नों में कुछ कठिनाई हुई लेकिन करेंट अफेयर्स के प्रश्न संतुलित रहे। प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत आसान रहा। पेपर अच्छा हुआ है, सफलता की उम्मीद है। - अंकित बलिया
रीजनिंग और गणित का स्तर मध्यम रहा। कुछ सवाल थोड़े पेचीदा और समय लेने वाले थे, लेकिन तैयारी करने वाले छात्रों के लिए आसान रहे। जनरल नालेज के प्रश्नों का स्तर सामान्य रहा। - विवेकानंद, रसड़ा
गणित के प्रश्न कुछ सरल रहे, जबकि सामान्य अध्ययन (जीएस) के प्रश्न ट्रिकी थे। सामान्य अध्ययन और सामान्य ज्ञान के कई प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को उलझा दिया। गणित के प्रश्न कुछ सरल रहे। - आदर्श, सोनभद्र
प्रश्नपत्र ईज़ी टू माडरेट' (आसान से मध्यम) स्तर का रहा। कुछ छात्रों को अंग्रेजी और रीजनिंग के कुछ सवालों ने थोड़ा परेशान किया। तैयारी की गई थी, नतीजे संतोषजनक आने की संभावना है। - राजेश यादव, धरहरा
रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड में रही गहमा-गहमी
गाजीपुर। परीक्षा समाप्त होने के बाद रेलवे स्टेशन एवं सरकारी एवं प्राइवेट बस स्टैंड में अभ्यर्थियों की भीड़ बढ़ गई। ट्रेनों में चढ़ने के लिए अभ्यर्थियों को मशक्कत करनी पड़ी उतरने वाले यात्रियों को भी भीड़ का सामना करना पड़ा। तेज धूप की वजह से परीक्षार्थियों को परेशानी हुई। प्यास बुझाने के लिए कई अभ्यर्थी बोतलबंद पानी का सहारा लेते नजर आए।
ई-रिक्शों की धमाचौकड़ी से लगा रहा जाम, परेशान हुए अभ्यर्थी
गाजीपुर पुलिस भर्ती परीक्षा देने के बाद परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले परीक्षार्थी सीधे रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे। बेतरतीब ई-रिक्शा चालकों के कारण कई जगहों पर जाम की समस्या उत्पन्न हुई। रेलवे स्टेशन के बाहर जाम की वजह से आवागमन करने वाले शहर के लोगों को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा।