वाराणसी : एटीएम कार्ड बदल कर उड़ाए थे 20 लाख, 6.74 लाख बचाने में सफल रही पुलिस
साइबर क्राइम थाना की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, तीन आरोपियों की तलाश जारी
विस्तार
एटीएम बदल कर चार जालसाजों ने वाराणसी के परमंदापुर निवासी सबुन्ना लाल के खाते से 20 लाख रुपये उड़ा दिए। प्रकरण की जांच शुरू कर साइबर क्राइम थाना की टीम ने छह लाख 74 हजार 266 रुपये खाते में फ्रीज करा कर आरोपी बलिया के बांसडीह रोड फुलवरिया निवासी मिथिलेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में पुलिस को प्रयागराज जिले के हंडिया थाना के समहा टेला निवासी दीपक सिंह उर्फ बंटी व बिलारी के दीपक यादव और भदोही के सुरियावां थाना के कोछिया पूरा गड़ेरिया के मनीष सिंह की तलाश है।
बीती छह मार्च को सबुन्ना लाल ने सारनाथ स्थित साइबर क्राइम थाना में शिकायत की थी कि उनके खाते से 20 लाख रुपये गायब हो गए हैं। इस संबंध में सबुन्ना ने अपने खाते से संबंधित बैंक के अधिकारियों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कराया था। साइबर क्राइम थाना प्रभारी राहुल शुक्ला ने अपनी टीम के दरोगा सुनील यादव और श्यामलाल गुप्त के साथ तफ्तीश शुरू कर सर्विलांस और अन्य तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल कर मिथिलेश, दीपक सिंह, दीपक यादव और मनीष सिंह को चिह्निïत किया। मिथिलेश पकड़ा गया जबकि अन्य तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गया था सूरत पैसा कमाने, गलत संगत में आकर बन गया जालसाज
पुलिस की पूछताछ में मिथिलेश ने बताया कि वह 12वीं फेल होने के बाद सूरत गया और वहां फास्ट फूड की दुकान संचालित करता था। सूरत में ही उसकी दोस्ती मनीष सिंह से हुई। मनीष ने उसकी मुलाकात अपने दोस्त दीपक सिंह और दीपक यादव से कराई। मनीष ने उसे समझाया कि वह तीनों एटीएम कार्ड बदल कर लोगों के खाते से पैसे उड़ाते हैं। इस काम में कम समय में आसानी से तगड़ी कमाई हो जाती है। मिथिलेश ने बताया कि वह तीनों की बात में आकर सूरत से आ गया और ज्यादातर समय उन्हीं के साथ प्रयागराज और भदोही में बिताने लगा। जनवरी 2021 में चारों एक दिन हरहुआ बाजार स्थित एक एटीएम बूथ के सामने खड़े थे।
उसी दौरान एक व्यक्ति आया तो दीपक सिंह और मनीष सिंह एटीएम बूथ के अंदर गए और उसे बातों में उलझाकर उसका एचडीएफसी का एटीएम कार्ड बदल दिए। इसके बाद पहले तो वह हाईवे के पेट्रोल पंपों पर बहुत आवश्यकता बताकर कार्ड स्वैप कर पैसे ले लेते थे। इसके बाद उसी एटीएम से बनारस से लेकर महाराष्ट्र तक खरीदारी और मस्ती की। उसी एटीएम से म्यूजिक सिस्टम और ब्रांडेड जूता जैसे कई सामान लिए गए। शनिवार को चारों लोग मनीष सिंह के घर पार्टी के लिए गए थे। वहां से वापसी में वह राजातालाब चौराहा के समीप से पकड़ा गया।