Varanasi News: एयरपोर्ट पर 22 करोड़ रुपये का 20 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद, डीआरआई ने दो तस्करों को पकड़ा
Varanasi News: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डीआरआई और कस्टम टीम ने बैंकॉक से आए दो यात्रियों शहनाज और यूसुफ को 20 किलो हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ गिरफ्तार किया। बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 22 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपी वाराणसी में खेप पहुंचाकर मुंबई जाने वाले थे। मामले की जांच जारी है।
विस्तार
Varanasi News: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को डीआरआई और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए दो यात्रियों के पास से करीब 20 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 22 करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-215 से बैंकॉक से वाराणसी पहुंचे दो यात्रियों के सामान की जांच के दौरान डीआरआई टीम को संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। शक के आधार पर जब दोनों यात्रियों के बैग की तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ मिला। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी शहनाज और यूसुफ के रूप में हुई है।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपी वाराणसी में किसी व्यक्ति को गांजे की खेप सौंपने के बाद मुंबई जाने की तैयारी में थे। अधिकारियों को आशंका है कि इसके पीछे अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। डीआरआई और कस्टम विभाग अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गया है।
अधिकारियों के मुताबिक बरामद हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे की तुलना में कई गुना अधिक महंगा और अधिक नशीला होता है। इसकी खेती विशेष तकनीक से नियंत्रित वातावरण में की जाती है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी काफी मांग रहती है। यही वजह है कि इसकी तस्करी संगठित नेटवर्क के जरिये की जाती है।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले संदिग्ध यात्रियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही हैं। मामले में पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। राजस्व खुफिया निदेशालय और कस्टम विभाग आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटे हैं कि खेप किसके लिए लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।