वाराणसी। अपना दल युवा मंच का कार्यकर्ता सम्मेलन शुक्रवार को मीरापुर बसहीं में हुआ। इसमें तय हुआ कि अपना दल रोजगार व शिक्षा के सवाल पर चरणबद्ध आंदोलन करेगा। मंच के प्रदेश महासचिव मोहम्मद अकरम चाँद ने कहा कि वर्तमान केंद्र व प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर पूर्णतया विफल साबित हुई। युवाओं को रोजगार देने का वायदा जुमला साबित हुआ। शिक्षा व रोजगार के सवाल पर युवाओं से धोखा सरकार को महंगा साबित होगा।
युवाओं के ज्वलंत मुद्दों व जनता के जायज सवाल पर चरणबद्ध आंदोलन करते हुए लोकसभा चुनाव 2019 में सत्ता परिवर्तन किया जाएगा। कार्यक्रम प्रभारी पंकज सेठ ने कहा कि रोजगार नहीं तो सरकार नहीं के नारे के साथ प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा। इसमें शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों, होमगार्डों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व आशा स्वास्थ्यकर्मियों को नियमित कर सम्मानजनक मानदेय देने की मांग उठाई जाएगी। भारी संख्या में रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती के लिए अब सड़क पर आर पार की लड़ाई होगी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बूथ स्तर तक मजबूत संगठन का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक बूथ टेन यूथ की तर्ज पर संगठन बनाया जाएगा। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेश पटेल, गौरीशंकर पटेल, उमेश मौर्य, शिवशंकर पटेल, दिलीप पटेल, अवधेश पटेल, दुर्गा पटेल किशन पटेल, दिलीप सेठ, छेदी पटेल, ब्रह्मचारी पटेल, मुन्ना पटेल, राजकुमार पटेल आदि शामिल रहे।