कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए आईएमएस बीएचयू में 1000 जांच किट पहुंची
कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। जैसे-जैसे मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है, वैसे ही जांच, भर्ती संबंधी तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं, जिससे कि किसी तरह की कोई परेशानी न हो। इसको देखते हुए आईएमएस बीएचयू माइक्रोबायोलॉजी लैब में एक हजार से अधिक जांच किट पहुंच गई है, जिससे अब बनारस समेत पूर्वांचल के 13 जिलों में जांच के लिए कोई परेशानी नहीं होगी।
बीएचयू के माइक्रोबायोलॉजी लैब में वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़ और मिर्जापुर मंडल के 13 जिलों के कोरोना वायरस के सैंपल के जांच की जिम्मेदारी है। इन जिलों से अब तक 300 से अधिक सैंपलों की जांच हो चुकी है। लॉकडाउन की वजह से पिछले दिनों जांच किट की डिलिवरी समय से नहीं हो पा रही थी।
कमिश्नर और जिलाधिकारी ने भी दो दिन पहले पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया था और सोमवार को कुलपति ने भी बीएचयू अधिकारियों के साथ बैठक कर कोरोना से निपटने के लिए किसी तरह की कोई कमी न होने की बात कही थी। सूत्रों के अनुसार एक साथ 1000 से अधिक जांच किट केमिकल सहित मिल गए है, जिससे कि अब महीने भर तक जांच की कोई परेशानी ना हो।
बीएचयू में चल रही जांच, इलाज में किसी तरह की कोई रुकावट ना इसको लेकर पूरी समीक्षा की जा रही है। फिलहाल पर्याप्त मात्रा में जांच किट और केमिकल उपलब्ध है। लगातार बीएचयू अधिकारियों से भी बातचीत जारी है।
डॉ. वीबी सिंह, सीएमओ