UP Election 2022: झांसी की महिलाओं के क्या हैं चुनावी मुद्दे, मोदी और योगी सरकार को लेकर कही ये बात
चाय पर चर्चा और युवाओं से बातचीत के बाद 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' देश की आधी आबादी के बीच झांसी पहुंचा। यहां के महारानी लक्ष्मीबाई पार्क में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं ने खुलकर चुनावी मुद्दों पर चर्चा की।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए 'अमर उजाला' का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' देश की आधी आबादी के बीच झांसी पहुंचा। इस दौरान यहां कि महिलाओं और छात्राओं ने विकास, शिक्षा, महिला सुरक्षा और साफ सफाई के मुद्दों पर खुलकर बात की। इस दौरान कुछ महिलाओं ने वर्तमान सरकार के कामकाज की तारीफ की तो कुछ ने कमियां गिनाई। पढ़िए किसने क्या कहा?
सीमा राजपूत ने कहा कि झांसी में पहले से काफी विकास हुआ है लेकिन थोड़ी बहुत गंदगी की समस्या है। लड़कियों के लिए भी काफी सुविधाएं उपलब्धि हुई हैं। पहले से सड़कें भी बेहतर हो गई हैं। क्या सुरक्षा के लिहाज से यहां लड़कियां छह बजे के बाद नहीं निकल सकती हैं? इस सवाल के जवाब में राधिका गुप्ता ने कहा कि ऐसी कोई पाबंदी नहीं है कि छह बजे के बाद नहीं निकल सकते हैं। दिव्य लता अग्रवाल ने बेटियों की शिक्षा का मुद्दा उठाया और कहा बेटियों की शिक्षा के ऊपर सरकार को ध्यान देना चाहिए।
सुनिता कुशवाहा ने कहा कि विद्यालयों में 50 फीसदी ही व्यवस्था सही है और बाकी पर काम चल रहा है। जो भी सरकार आए विद्यालयों के लिए अच्छा काम करे। वैसे झांसी शहर स्मार्ट हो गया है लेकिन गांवों में अभी भी काफी सुधार की आवश्यकता है। राधा यादव ने किसानों के मुद्दे को उठाया और कहा उनकी स्थिति खराब है। मुस्कान यादव ने कहा कि सरकार खाद्य की कीमत दाम बढ़ा रही है लेकिन धान और गेहूं के रेट को घटा रही है।
प्रतिमा कुशवाहा ने स्कूलों में साफ सफाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को स्कूलों तक नहीं भेजा जाता है। हमलोग पढ़ाई छोड़कर झाड़ू को नहीं लगाने लगेंगे और बच्चों को भी कह सकते हैं। ऐसे में अधिकारी लोग हमलोगों को ही डांटते हैं। बाकी मोदी जी और योगी जी ने महिला सुरक्षा के लिए काफी काम किए हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति, डायल 100, 1098 को लागू किया है। विद्यालयों के सामने भी पुलिस सिविल ड्रेस में रहती है।
वहीं, महिला सुरक्षा को लेकर एक छात्रा ने कहा कि हमलोग निकलते हैं तो कहीं भी कोई भी कमेंट पास कर देता है। प्रतिक्षा गुप्ता ने भी कमेंट्स पास करने की बात कही। उन्होंने विकास के मुद्दे पर कहा कि इस सरकार में पहले से काफी चीजें बेहतर हुई हैं लेकिन अभी काफी काम होना बाकी है। मंदाकनी सिंह ने कहा कि मोदी जी और योगी जी की सरकार में कहीं भी निडर होकर जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान रोजगार, पेपर लीक, सरकारी भर्तियों को लेकर भी सवाल उठे। इस पर एक महिला ने कहा कि जो हुनरमंद है उसे जरूर नौकरी मिलेगी।