उन्नाव। प्रीपेड मीटर से परेशान उपभोक्ताओं ने कांशीराम कॉलोनी उपकेंद्र पहुंचकर एसडीओ को शिकायती पत्र दिया। इसके साथ ही पुराना मीटर लगवाने की मांग की।
कांशीराम कॉलोनी उपकेंद्र पर बृहस्पतिवार दोपहर बाद पहुंचे लोधनहार व कल्याणी नई बस्ती के उपभोक्ताओं सुषमा, प्यारी, सुमन, बिट्टी व रामकिशोर, विवेक, अंजू, सुंदरी आदि ने बताया कि उनके यहां स्मार्ट मीटर लगाकर प्रीपेड बिलिंग चालू कर दी गई है। हालत यह है कि माइनस में बिल होते ही बिजली बंद हो जाती है। वह घर से रिचार्ज नहीं कर पाते हैं। ऐसे में उपकेंद्रों का चक्कर लगाना पड़ रहा है। यही नहीं बिल भी ज्यादा आ रहा है। स्मार्ट मीटर काफी ज्यादा बिल निकालता है। एसडीओ से स्मार्ट के स्थान पर पुराना मीटर ही लगवाने की मांग की। उपभोक्ताओं ने कहा कि सुनवाई न होने पर वह सभी जिलाधिकारी कार्यालय जाकर प्रदर्शन करेंगी। एक्सईएन हिमांशु गौतम ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।