बांगरमऊ। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर तहसीलदार साक्षी राय को ज्ञापन दिया। समाज को पिछड़े वर्ग की सूची से हटाकर अनुसूचित जाति की श्रेणी में शामिल किए जाने की मांग उठाई।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि निषाद समाज लंबे समय से सामाजिक और आर्थिक शोषण का शिकार रहा है। उसे उसका संवैधानिक अधिकार नहीं मिल पा रहा है। पूर्व में संशोधन के तहत निषाद, केवट, मल्लाह, कश्यप, कहार, ढीमर, बिंद, बाथम, तुरैहा, गोड़िया, मछुआ आदि जातियों को पिछड़े वर्ग की सूची से हटाकर नई संशोधित सूची जारी करने का आदेश दिया गया था लेकिन जनपद और तहसील स्तर पर इसका पालन नहीं किया जा रहा है। विशेष रूप से तहसील कार्यालय द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से इन जातियों के लोगों को पिछड़े वर्ग का प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने तहसील प्रशासन से मांग की कि शासनादेश का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए और नियम विरुद्ध जारी किए जा रहे प्रमाणपत्रों पर तत्काल रोक लगाई जाए। जल्द कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।