Unnao: दो नाबालिग बहनों को गेस्ट हाउस में बनाया बंधक, दूसरे वर्ग के युवक बना रहे धर्मपरिवर्तन का दबाव
Unnao News: प्रभारी कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में दो नाबालिग बहनों को दूसरे वर्ग के दो युवकों ने एक गेस्ट हाउस में बंधक बना लिया। दोनों किसी तरह वहां से भाग निकलीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी। मां के साथ कोतवाली पहुंचीं और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
चर्चा है कि पुलिस दोनों आरोपियों को कोतवाली ले गई और बाद में मामले को दबा दिया। प्रकरण जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो पुलिस ने तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कही। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 17 और 14 साल की दो सगी बहनों को मोहल्ले के ही दूसरे वर्ग के दो युवकों ने चार दिन पहले पहले बुलाया था।
युवकों ने दोनों बहनों को कोतवाली के ठीक सामने संचालित एक गेस्ट हाउस में आने को कहा था। पहले से जान पहचान होने से दोनों वहां गईं, तो युवक ने अपने साथी की मदद से बंधक बना लिया। मौका मिलते ही दोनों किसी तरह वहां से भागीं और घर पहुंचकर मां को आपबीती बताई।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा भी था, लेकिन मामला रफादफा कर दिया
पीड़ित बहनों की मां के मुताबिक दूसरे वर्ग के दोनों युवक तीन महीने से बेटी पर दबाव बना रहे थे। उनके मोबाइल में बड़ी बेटी की एक फोटो है, जिसे वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाते हैं और धर्म परिवर्तन की भी बात कहते हैं। चर्चा है कि मां की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा भी था, लेकिन बाद में मामला रफादफा कर दिया।