उन्नाव। माटीकला से जुड़े जिले के दो कारीगरों को लखनऊ में अपर मुख्य सचिव ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन खादी ग्रामोद्योग की ओर से किया गया। जिले के दो कुंभकारों ने प्रथम और तृतीय स्थान हासिल किया।
जिला ग्रामोद्योग के अखिलेश कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि लखनऊ के केसरबाग स्थित उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की ओर से परंपरागत कला से जुड़े रहकर नवीन तरीकों को अपना कर माटी कला में महारत हासिल करने वाले जुराखनखेड़ा निवासी प्रदीप प्रजापति ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। माटीकला बोर्ड के महाप्रबंधक व अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल ने प्रदीप को 15 हजार रुपये, प्रमाणपत्र व प्रतीक चिह्न दिया। वहीं तीसरा स्थान हासिल करने वाले कृष्णानगर के संजय कुमार को दस हजार का चेक, प्रमाण पत्र और प्रतीक चिह्न दिया। उन्होंने बताया कि माटीकला से जुडे अच्छे कारीगरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जाता है। इस दौरान माटीकला बोर्ड के नोडल अधिकारी संजय कुमार पांडेय, लेखाधिकारी आलोकचंद्र, परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी एलके नाग भी मौजूद रहे।