Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Unnao News ›   running with the help

Unnao News: ‘ऑन कॉल’ डॉक्टरों के सहारे चल रहे आयुष्मान के आईसीयू

Fri, 27 Nov 2026 12:26 AM IST
Kanpur	 Bureau कानपुर ब्यूरो
Updated Fri, 27 Nov 2026 12:26 AM IST
विज्ञापन
running with the help
उन्नाव। आयुष्मान योजना में जिले के 39 अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है। इनमें 20 निजी और 19 सरकारी अस्पताल हैं। निजी क्षेत्र के कई अस्पताल आईसीयू और ट्रॉमा सेंटर जैसी अत्याधुनिक व्यवस्थाओं से लैस होने का दावा करते हैं। हालांकि किसी भी अस्पताल में आईसीयू और ट्रॉमा सेंटर संचालित करने के लिए न तो प्रशिक्षित टीम है न ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की 24 घंटे उपलब्धता। ऐसे में गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचे मरीज को भर्ती तो कर लिया जाता है लेकिन ऑन कॉल आने वाले डॉक्टर के इंतजार में कई बार मरीज की हालत बिगड़ जाती है।
विज्ञापन

सरकारी अस्पतालों पर बोझ कम करने और मरीजों को उनके नजदीक इलाज उपलब्ध कराने के लिए शासन ने निजी अस्पतालों को आयुष्मान योजना से संबद्ध किया है। योजना से जुड़े अस्पतालों में हृदय रोग, कैंसर, किडनी, मोतियाबिंद, प्रसूति समेत 1,500 से अधिक मेडिकल और सर्जिकल इलाज शामिल हैं।
विज्ञापन

पात्र परिवार को हर साल पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। नवाबगंज, सफीपुर, असोहा, मियागंज और हसनगंज ब्लॉक में संचालित कई निजी अस्पताल आईसीयू और इमरजेंसी सेवा का दावा करते हैं पर यहां विशेषज्ञ डॉक्टर हमेशा उपलब्ध नहीं रहते। रात में आपात स्थिति आने पर डॉक्टर को बाहर से बुलाया जाता है। कई मामलों में मरीज को समय पर वेंटिलेटर, आईसीयू बेड या विशेषज्ञ की सलाह नहीं मिल पाती। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी उन गरीब मरीजों को होती है जो आयुष्मान योजना के भरोसे इलाज कराने पहुंचते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


मानक दरकिनार, पूरा स्टाफ न जीवनरक्षक उपकरण, मरीजों की जान पर भारी लापरवाही
जानकारों के मुताबिक आयुष्मान योजना में निजी अस्पताल के पंजीकरण के लिए 24 घंटे इमरजेंसी सेवा में तकनीकी रूप से योग्य स्टाफ का होना जरूरी है। जहां भी गहन चिकित्सा सेवा दी जाती है वहां आईसीयू या एचडीयू में पर्याप्त स्टाफ और उपकरण होने चाहिए। आईसीयू में वेंटिलेटर, मल्टीपैरा मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर, इन्फ्यूजन पंप, ऑक्सीजन और 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिए। वहीं ट्रॉमा सेंटर के लिए रेड-येलो-ग्रीन ट्राइएज, 24 घंटे ड्यूटी डॉक्टर, सर्जरी की सुविधा, ब्लड बैंक, एक्सरे और सीटी स्कैन जैसी जांच, आर्थोपेडिक और न्यूरो सर्जरी सहित विशेषज्ञों की उपलब्धता होनी चाहिए। गंभीर मरीज को समय पर उच्च केंद्र तक भेजने की व्यवस्था भी मानकों का हिस्सा है। हालांकि जिले में आयुष्मान योजना से जुड़े किसी भी अस्पताल में यह मानक पूरे नहीं हैं। इसका खामियाजा मरीज उठाते हैं।
--
नकद भुगतान और अतिरिक्त खर्च का दबाव
लोगों के मुताबिक कई अस्पतालों में भर्ती तो कर लिया जाता है लेकिन इलाज के नाम पर अतिरिक्त खर्च थोपा जाता है। कुछ मामलों में कैशलेस सुविधा के बजाय नकद भुगतान की मांग की जाती है। आपात स्थिति में अस्पताल पहले मरीज को भर्ती तो कर लेते हैं लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टर न मिलने से मरीज को दूसरे जिले तक जाना पड़ता है। इससे इलाज में देरी होती है और मरीज की हालत बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है।
--
अब साचीज ने जांच के दिए निर्देश
विशेषज्ञ डॉक्टरों की अनुपलब्धता और आपात स्थिति में मरीजों को इधर-उधर भटकने की शिकायतों के बाद स्टेट एजेंसी फॉर कांप्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) ने निजी अस्पतालों की राज्य स्तरीय टीम से जांच कराने का आदेश दिया है। इसके तहत निजी अस्पतालों में आईसीयू, इमरजेंसी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की व्यवस्था व जरूरी मानक पूरे हैं या नहीं जैसे बिंदुओं पर जांच की जाएगी। खामियां मिलने या व्यवस्थाएं पूरी न होने पर अस्पताल को आयुष्मान सूची से हटाने तक की कार्रवाई हो सकती है।
--
एक नजर में आयुष्मान योजना
23 सितंबर 2018 को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की शुरुआत हुई थी। इसके तहत पात्र परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है। 29 अक्तूबर 2024 को इस योजना से 70 दशक पार कर चुके वृद्धजनों को भी जोड़ दिया गया था। जनपद में 16,16,320 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य है। इसके सापेक्ष 10,46,672 गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके साथ ही 70 वर्ष से अधिक 41,429 बुजुर्ग योजना से आच्छादित हैं। जिले के 1,25,707 लोगों का योजना के तहत क्लेम किया जा चुका है।
--
योजना से जुड़े हर अस्पताल के लिए आईसीयू अनिवार्य नहीं हैं। हालांकि जो अस्पताल आईसीयू या आपातकालीन चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का दावा करते हैं उन्हें तय मानक पूरे करने होते हैं। इसकी नियमित जांच भी की जाती है। हालांकि अब साचीज ने ऐसे अस्पतालों की जांच कराने का फैसला किया है। इसमें राज्य स्तरीय टीम ऐसे अस्पतालों की जांच करेगी और मानक या संसाधन न पूरे होने पर ऐसे अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. एके शर्मा, सीएमओ
---------------------
प्वाइंटर में लगाएं
पहले भी हो चुकी है अस्पतालों पर कार्रवाई
आयुष्मान योजना से संबद्ध अस्पतालों पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। वर्ष 2021 में नवाबगंज के सेवा हॉस्पिटल, आदर्श हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर और सिंह फ्रैक्चर पर कार्रवाई की गई थी।

2022 में हसनगंज स्थित सिंह फ्रैक्चर, नवाबगंज स्थित सेवा हॉस्पिटल, बांगरमऊ के आदर्श अस्पताल, डॉ. विनय बिहारी मेहरोत्रा अस्पताल, शुक्लागंज के इंद्रप्रस्थ हॉस्पिटल व नवनिष्टा अस्पताल को योजना से बाहर कर दिया गया था।
वहीं वर्ष 2023 में आयुष्मान योजना के एक भी मरीज भर्ती न करने पर पांच निजी अस्पतालों को योजना से ब्लैकलिस्ट करते हुए बाहर कर दिया गया था।
--
समस्या हो तो इन नंबरों पर करें शिकायत
आयुष्मान हेल्पलाइन : 1455
सीएमओ: डॉ. एके शर्मा 8005192700
एसीएमओ: डॉ. जेआर सिंह 9450694321
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed