{"_id":"ef5fdf5d3ce1e9f6fbc5befaa64af2fd","slug":"new-elected-panchyat-members-took-charges-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"अध्यक्ष व पंचायत सदस्यों ने थामी कमान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अध्यक्ष व पंचायत सदस्यों ने थामी कमान
अमर उजाला, उन्नाव
Updated Fri, 15 Jan 2016 12:30 AM IST
विज्ञापन
नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों ने गुरुवार को पद व गोपनीयता की शपथ ली। निराला प्रेक्षागृह में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सबसे पहले नवनिर्वाचित पंचायत अध्यक्ष संगीता सेंगर को कार्यवाहक जिलाधिकारी मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) संदीप कौर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद नवनिर्वाचित 49 जिला पंचायत सदस्यों ने शपथ ग्रहण की। समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष व नवनिर्वाचित पंचायत सदस्य ज्योति रावत समेत तीन सदस्य शामिल नहीं हुए।
विज्ञापन
बताते चलें कि शपथ ग्रहण समारोह के लिए निराला प्रेक्षागृह को दुल्हन की तरह सजाया गया था। दोपहर 12 बजे से शुरू कार्यक्रम में अध्यक्ष संगीता सेंगर के शपथ ग्रहण करते ही स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके बाद पंचायत सदस्यों ने शपथ ली। शपथ लेने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने कार्यक्रम में मौजूद सपा जिलाध्यक्ष समेत मौजूद सभी जन प्रतिनिधियों को पूरी ईमानदारी व जनहित में काम करने का विश्वास दिलाया। बिना किसी भेदभाव के सभी सदस्यों के सहयोग से जिले का समग्र विकास करना उनकी प्राथमिकता होगी। भगवंतनगर विधायक व पति कुलदीप सिंह सेंगर ने कहा कि अब घर बैठे योजनाएं नहीं बनेंगी बल्कि हर कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ होगा। विधायक ने कहा कि चुनाव के दौरान सदस्यों को तमाम प्रलोभन दिए गए, लेकिन सदस्यों ने उनका साथ दिया। जिलाध्यक्ष अनवार अहमद ने नवनिर्वाचित पंचायत अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि वह सबके साथ बराबर का व्यवहार रखें। उन्होंने अच्छे माहौल में काम होने की उम्मीद जताई। पूर्व विधायक व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगवती सिंह विशारद ने जन प्रतिनिधियों को सभी से बेहतर व्यवहार की सलाह दी। समारोह को बांगरमऊ विधायक बदलू खां, शिक्षक विधायक राजबहादुर सिंह चंदेल, मोहान विधायक राधेलाल रावत, पूर्व विधायक सुंदरलाल लोधी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद अन्नू टंडन, राजेश यादव, प्रभा यादव, मनीषा दीपक आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। संचालन बिंदा प्रसाद शास्त्री ने किया। सपा नेताओं में राजेश मिश्रा, सोनी सिंह परिहार, पुष्पेंद्र व अभिषेक वर्मा ने जिला पंचायत अध्यक्ष को चांदी का मुकुट व 51 किलो. का माला पहनाकर उनका स्वागत किया शपथ ग्रहण समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष व नवनिर्वाचित पंचायत सदस्य ज्योति रावत, नवनिर्वाचित सदस्य अनुज रावत व नवनिर्वाचित सदस्य जादे राम के शपथग्रहण कार्यक्रम में न आने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
विज्ञापन
परिचय में निपटी जिला पंचायत की पहली बैठक
शपथ ग्रहण के तत्काल बाद जिला पंचायत की पहली बोर्ड बैठक विकास भवन सभागार में हुई। हालांकि पहली बैठक सिर्फ सदस्यों के परिचय लेने-देने ही तक ही सीमित रही। जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ ही मौजूद सदस्यों ने बैठक में अपना परिचय दिया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य ओमप्रकाश यादव ने प्रस्ताव रखा कि पदेन सदस्यों से कोई प्रस्ताव न लिया जाए। जिला पंचायत अध्यक्ष को समितियों के गठन का अधिकार दिया जाए। पुराने प्रस्ताव निरस्त हो। इस पर अधिकारियों ने बताया कि शासन से आदेश हैं कि जिला पंचायत की नई कार्यकारिणी गठित होते ही पुराने प्रस्ताव निरस्त ही माने जाते हैं। भगवंतनगर विधायक कुलदीप सिंह ने सीडीओ से कहा कि सभी विभागों को एक पत्र भेजा जाए जिसमें इस बात का उल्लेख हो अधिकारी जिला पंचायत सदस्यों का सम्मान करें और वह जो भी कार्य दे उन्हें प्रमुखता दें।
विज्ञापन