उन्नाव। एक्साइज ड्यूटी चोरी कर गोदाम में शराब आपूर्ति किए जाने के आरोप की जांच कर रही एसआईटी व एसटीएफ टीम के हाथ कई अहम सुराग लगे हैं। वहीं छापे से सात दिन पहले से गोदाम के सीसीटीवी कैमरे बंद मिलने की बात सामने आई है। हिरासत में लिए गए दोनों गोदाम कर्मियों ने भी टीम के सामने कर व एक्साइज ड्यूटी चोरी का माल कई बार गोदाम आने की बात स्वीकार की है। मंगलवार रात दोनों कर्मियों को छोड़ दिया गया। जांच टीम अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के साथ लौट गई।
मोतीनगर स्थित शराब गोदाम में तीन अप्रैल को एसटीएफ ने छापा मारकर शराब आपूर्ति में कर व एक्साइज ड्यूटी चोरी का बड़ा खेल पकड़ा था। शासन ने जांच के लिए एसआईटी गठित की थी। सहारनपुर डिस्टिलरी से उन्नाव के साथ अन्य जिलों में भी शराब की आपूर्ति होने की जानकारी पर सभी जगहों पर टीमों ने जांच शुरू की थी। चार मार्च को गोदाम के दो कर्मियों को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए टीम कोतवाली लाई थी। छह दिन तक पूछताछ करने के बाद मंगलवार रात दोनों को छोड़ दिया। गोदाम में बंद सीसीटीवी कैमरे बंद करने के पीछे का उद्देश्य जानने के लिए पूर्व मे गोदाम से कब्जे में लिए गए डीबीआर सेट की जांच की जा रही है। मंगलवार शाम जांच टीम में शामिल सहारनपुर देहात कोतवाली के एसओ (विवेचक) उमेश रौरिया, एसटीएफ के एसआई लॉन सिंह समेत अन्य टीम के लोग दस्तावेजों व अन्य सबूताें को लेकर लौट गए।