फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Unnao News ›   नई सरकार, समस्याएं हजार

नई सरकार, समस्याएं हजार

Wed, 11 Jul 2012 12:00 PM IST
Unnao
Unnao Updated Wed, 11 Jul 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
उन्नाव। नगर पालिका के रूप में शहर को अपनी नई सरकार मिल तो गई है लेकिन शहर में न पीने के पानी का अपेक्षित इंतजाम, न जलनिकासी सिस्टम। भाजपा के पांच पार्षदों के भरोसे नए पालिकाध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता के सामने सदन में होंगी मुश्किलें ही मुश्किलें। नालों पर अतिक्रमण से बारिश के समय हर बार की तरह पानी घरों-दुकानों में घुसा जा रहा है। ड्रेनेज सिस्टम ध्वस्त। सड़कों का अतिक्रमण यातायात व्यवस्था को थका रहा है। कारोबार चौपट हो रहे हैं।
विज्ञापन


सड़कों और नालों पर अतिक्रमण
अतिक्रमण शहर की मुख्य समस्या है। सड़कों पर जहां व्यापारियों ने दुकानें सजा ली हैं वहीं नालों पर लोगों ने मकान बना लिए हैं। जिला अस्पताल तिराहे से ओवर ब्रिज तक जाने वाली सड़क तो अतिक्रमण के कारण गली में तब्दील हो गई है। इस रोड पर सब्जी मंडी में फुटपाथ पर दुकानदारों का कब्जा है तो उसके आगे ठेलेवाले दुकानों सजा लेते हैं। लोगों को आने-जाने के लिए मात्र 10 फिट का ही रास्ता बचता है। इसके चलते दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रशासन जब भी अभियान चलाता है वोट की खातिर नेता बुलडोजर के आगे खड़े हो जाते हैं। व्यापारी नेता भी अपनी प्रतिष्ठा लगा देते हैं। इससे प्रशासन पंगु हो जाता है। पिछले साल नगर पालिका प्रशासन ने सब्जी दुकानदारों को शिफ्ट करने के लिए कवायद की थी लेकिन राजनीति के आड़े आ जाने से योजना धरी की धरी रह गई। यही हाल नालों का भी है। मोतीनगर, अताउल्ला, एबीनगर, टाईप टू कालोनी, नुरुद्दीनगर, अनवार नगर, कृष्णानगर नाले में अतिक्रमण है।
विज्ञापन


जलापूर्ति व्यवस्था बदहाल
वैसे तो शहर की आबादी लगभग 3 लाख है लेकिन नगर पालिका के रिकार्ड में शहर में 1 लाख 55 हजार लोग ही रह रहे हैं। 29 वार्ड में बंटे शहर में पेयजल के लिए 24 ट्यूबवेल और 9 ओवरहेड टैंक हैं। इसके अलावा करीब 1925 हैंडपंप लगे हैं, जिसमें से ज्यादातर खराब हैं। शहर में प्रतिव्यक्ति 135 लीटर पानी की जरूरत है लेकिन नगर पालिका प्रशासन मात्र 90 लीटर पानी ही मुहैया करा पा रहा है। शहर के 60 फीसदी मोहल्लों में ही पाइप लाइन बिछी हुई है। पूरन नगर, जुराखनखेड़ा, लोधनहार, रामबक्सखेड़ा, इन्द्रानगर, शिवनगर, पीताम्बर नगर, पीडी नगर आदि मोहल्लों में अभी तक पाइप लाइन ही नहीं बिछाई गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


ड्रेनेज सिस्टम ध्वस्त
उन्नाव। शहर में जलनिकासी की व्यवस्था 50 वर्ष पहले बनाए ड्रेनेज सिस्टम पर चल रही है। पहले शहर की आबादी कम थी और तालाब भी थे। इन्हें में गंदा पानी चला जाता था। मसलन कल्याणी व आसपास के मोहल्लों का पानी कल्याणी तालाब, गांधीनगर, आदर्शनगर आदि का सत्ती तालाब सहित क्वेटा तालाब व अन्य में जाता था। आबादी बढ़ने पर तालाबों पर अतिक्रमण कर लोगों ने मकान बना लिए। इससे शहर में जलनिकासी की समस्या खड़ी हो गई है। नई बस्तियों शिवनगर, बन्धूहार, कब्बाखेड़ा, जुराखनखेड़ा, इन्द्रानगर आदि में भी जलनिकासी की कोई सुचारु व्यवस्था नहीं है। इससे बारिश तो दूर गर्मी व ठंड में भी गलियों में जलभराव की समस्या रहती है। नालों पर अतिक्रमण होने से मुख्य सड़कों पर भी जलभराव हो जाता है।

पार्किगिं की कोई व्यवस्था नहीं
तहसील, जिला अदालत, कलेक्ट्रेेट के साथ ही बड़ा बाजार होने के बावजूद शहर में नगर पालिका की ओर से पार्किगिं के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। मजबूरी में व्यापारी और ग्राहक या गांवों से आए लोग अपने वाहन सड़कों पर ही खड़े कर देते हैं। इससे रास्ते अवरुद्ध हो जाते हैं। इसके अलावा कई बार चोर वाहन पार भी कर देते हैं। बढ़ती आबादी और बाजार के विस्तार को देखते हुए शहर में तीन चार स्थानों पर पार्किगिं की सख्त जरूरत है।

दुर्घटनाओं का सबब बने आवारा जानवर
आवारा जानवरों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। बड़े चौराहे से लेकर सब्जी मंडी तक हर तरफ सड़कों पर आवारा जानवरों जमावड़ा लगा रहता है। ये जानवर कई लोगों की जानें भी ले चुके हैं। इसके अलावा आए दिन राहगीरों को जख्मी करते रहते हैं। आवारा जानवरों को पकड़ने के लिए अलग से कैटिल कैचिंग दस्ता भी नहीं हैं। कर्मचारी वैसे ही कम हैं। इससे अभियान शुरू नहीं हो पाता है। आवारा जानवरों को पकड़कर रखने के लिए शहर के रामपुरी मोहल्ले में एक कांजीहाउस बना हुआ है। देखरेख के अभाव में यह काफी जर्जर है।


व्यापारियों ने माना सड़कों पर अतिक्रमण
प्रकाश शामियाना भंडार के संचालक विनय श्रीवास्तव ने कहा यहां सभी सड़कों पर अतिक्रमण किए हैं और यह नगर पालिका की ढिलाई का दुष्परिणाम है। बड़ा चौराहा स्थित गुरुनानक फ्रूट मार्क के संचालक कल्यान सिंह ने कहा कि बड़ा चौराहा पर लगने वाली मंडी को अंदर कराया जाए और फुटपाथ से कब्जे हटवाए जाएं। रिक्शा स्टैंड बनवाएं जाएं। बड़े वाहनों के लिए दिन में प्रवेश बंद कर दिया जाए। राज गारमेंट्स के संचालक अशोक कुमार गुप्ता ने भी माना कि व्यापारी अतिक्रमण किए हैं। उन्होंने कहा कि फुटपाथों से दुकानों को हटवाया जाए। जो भी दुकानदार फुटपाथ पर अतिक्रमण करे उससे सख्ती से जुर्माना वसूला जाए। गुप्ता एंड संस के संचालक लवी गुप्ता ने बताया स्टेट बैंक के सामने से गाडि़यों को हटवाया जाए। इसके लिए अलग से पार्किगिं की जाए।

क्या कहते हैं व्यापारी नेता
सपा व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि फुटपाथ पर से कब्जा हटवाने के लिए व्यापारियों को भी आगे आना होगा। प्रशासन को नगर पालिका से कसाई चौराहे वाले एकल मार्ग से बडे़ वाहनों का प्रवेश कराना चाहिए। बड़े वाहन अंदर आते हैं तो जाम की स्थिति और भयावह हो जाती है। सबसे अधिक जाम बैंकों के कारण लगता है। यहां से या तो बैंकें अन्य जगह कर दी जाएं या फिर वाहनों के लिए पार्किगिं सुविधा कराई जाए। नाला सफाई में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों से रिकवरी कराई जाए।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव ने कहा कि अतिक्रमण के लिए व्यापारी दोषी नहीं है। नगर पालिका चेयरमैन वोटों की राजनीति करते हैं। प्रशासन भी उसी में लगा रहता है। यदि यह सक्रिय हों तो अतिक्रमण कैसे नहीं हटेगा। व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दास्त नहीं किया जाएगा लेकिन यदि प्रशासन अतिक्रमण हटवाने में व्यापारियों पर जुर्माना करता है तो विरोध नहीं किया जाएगा। उन्होेंने कहा कि जब तक वोटों की राजनीति होगी तब तक शहर में कुछ भी नहीं हो सकता।

शपथ ग्रहण के बाद सभी सभासदों के साथ बैठक कर शहर के विकास पर चर्चा की जाएगी। सड़क किनारे और नालों पर अतिक्रमण हटाने के लिए पहले व्यापारियों के साथ बैठकर बात करेंगे। इसके बावजूद अगर व्यापारी नहीं माने तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हर हाल में हटवाया जाएगा। पेयजल व्यवस्था के लिए पूर्व चेयरमैन पंकज गुप्ता ने कुछ प्रयास किए थे, उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा। नगर के हर व्यक्ति को पानी मुहैया कराना मेरे नैतिक जिम्मेदारी है। शहर के विकास के लिए सांसद अन्नू टंडन और विधायक दीपक कुमार से भी बातचीत करेंगे। लोगों को सुविधाएं देने में दलगत राजनीति को आड़े नहीं आने देंगे।
रामचंद्र गुप्ता, नवनिर्वाचित अध्यक्ष, नगर पालिका उन्नाव

नगर पालिका उन्नाव और गंगाघाट के विकास में दलगत भावना कतई आड़े नहीं आएगी। दोनों जगह के चेयरमैन जनता के हित से जुड़ी योजनाएं बनाएं। मैं न केवल उन्हें प्रदेश सरकार तक पहुंचाऊंगा बल्कि उन्हें लागू कराने के लिए पूरा प्रयास करूंगा। समाजवादी पार्टी ने सदन में इस बात को साबित भी कर दिया है कि वह दलगत राजनीति नहीं करती है।

दीपक कुमार, सदर विधायक (सपा)

मैं पूरे उन्नाव संसदीय क्षेत्र के लिए काम करती हूं। उन्नाव शहर के विकास के लिए भी हर मदद दूंगी। नए अध्यक्ष कार्य योजनाएं बनाएं अगर उसमें कहीं मेरे जरूरत पड़ती है तो बेझिझक बताएं, मैं पूरी तरह से मदद करूंगी। केंद्र सरकार से मिलने वाली योजनाओं का भी लाभ दिलाऊंगी। अगर हम सब मिलकर काम करेंगे तभी उन्नाव का पूर्ण विकास होगा।
अन्नू टंडन, सांसद, कांग्रेस
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed