{"_id":"222938fa6309453ee4f6545b94089c41","slug":"three-kanwria-died-in-accident","type":"story","status":"publish","title_hn":"हादसे में 3 कांवड़ियों की मौत, 19 घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हादसे में 3 कांवड़ियों की मौत, 19 घायल
ब्यूरो/अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
Updated Wed, 23 Jul 2014 12:31 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर में हाईवे पर डाक कांवड़ डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिसमें तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। 19 कांवड़िये घायल हो गए, जिनमें से दो को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है।
विज्ञापन
दिल्ली के श्रद्धापुरी कॉलोनी स्थित शिवमंदिर से सोमवार रात कांवड़ियों की टोली टाटा-407 में डाक कांवड़ लेने हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब पौने छह बजे जब गाड़ी हाईवे पर गांव बिलासपुर के पास डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। पुलिस ने गाड़ी से कांवड़ियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीन कांवड़ियों की मौत हो चुकी थी। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जिनमें से दो को मेरठ रेफर कर दिया गया। मरने वालों में जनपद हरदोई निवासी विनोद (35), रामबाबू (35) और सुल्तानपुर निवासी सुरेश (30) शामिल हैं। देर शाम तीनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिए गए। इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हादसा तीव्र मोड़ पर तेज रफ्तार गाड़ी के डिवाइडर पर चढ़ने से हुआ है।
विज्ञापन
पूर्वोतर जनपदों के हैं सभी कांवड़िये
हाईवे पर हादसे का शिकार हुए सभी कांवड़िये पूर्वोतर जनपदों हरदोई, बाराबंकी और सुल्तानपुर के मूल निवासी हैं। इनमें से अधिकांश ऐसे लोग हैं, जो काम-काज की तलाश में काफी समय से नई दिल्ली के जहांगीरपुरी में रह रहे हैं। सभी लोग नई दिल्ली की श्रद्धापुरी कॉलोनी में स्थित शिवमंदिर के भक्तगण हैं।
विज्ञापन
वहीं उनके बीच डाक कांवड़ लाने की सहमति बनी, जिसके बाद सभी लोग मिनी ट्रक से सोमवार रात शिवमंदिर से ही हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। पुलिस के अनुसार, हादसे के मृतकों में शामिल जनपद हरदोई निवासी विनोद और रामबाबू आपस में जीजा-साले का भी रिश्ता था।
तेज धमाका होते ही खो बैठे सुध-बुध
हाईवे पर हुए हादसे में घायल हुए कांवड़ियों को जिला अस्पताल में बनाए गए विशेष कांवड़ वार्ड में भर्ती किया गया। वहां हुई बातचीत में घायलों ने बताया कि सभी लोग मिनी ट्रक में पीछे बैठे गाने सुनते हुए चल रहे थे। कुछ लोग देर रात तक जागते रहने के कारण नींद में भी थे।
करीब पौने छह बजे एक तेज धमाका हुआ, जिसके साथ उन्हें तेज झटका लगा। जब तक संभलते, ट्रक एक ओर झुककर पलट गया, जिससे वे लोग उछलकर सड़क पर गिरे और सुध-बुध खो बैठे। इसके बाद होश आया तो सभी को जिला अस्पताल में पाया।
घायलों ने वार्ड में जो साथी मौजूद नहीं थे, उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली, लेकिन उन्हें तीन लोगों की मौत के बारे में कुछ नहीं बताया गया।
सिर और पैरों में लगी चोटें
हाईवे पर हुए हादसे में घायल हुए सभी कांवड़ियों के सिर, घुटने और पैरों में चोटें लगीं हैं। दरअसल, मिनी ट्रक ऊपर से खुला होने के कारण जैसे ही वह डिवाइडर से टकराकर पलटा, उसमें पीछे की तरफ बैठे सभी कांवड़िये उछलकर सड़क पर जा गिरे। इससे उनके सिर, घुटने और पैरों में गंभीर चोटें लगीं। मारे गए तीनों कांवड़ियों के भी सिर में ही गंभीर चोटें थीं।
कमिश्नर, डीआईजी ने जाना घायलों का हाल
मुजफ्फरनगर। हाईवे पर हुए हादसे के बाद डीआईजी एन रविंद्र और कमिश्नर तनवीर जफर भी जिला अस्पताल पहुंचे। घायल कांवड़ियों से हादसे की जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने सीएमओ और सीएमएस से सभी घायल कांवड़ियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डॉक्टरों को भी घायल कांवड़ियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निदेश दिए।