यूपी: स्कूल में तीन वर्षीय मासूम को मेड ने बेरहमी से पीटा, टॉयलेट की बात पर किया इतना टॉर्चर
मोदीनगर के डॉलफिन पब्लिक स्कूल में तीन वर्षीय बच्चे की मेड द्वारा पिटाई किए जाने का आरोप लगा है। परिजनों के मुताबिक, बच्चा शुक्रवार को घर लौटा तो उसके चेहरे पर थप्पड़ के निशान थे। टॉयलेट कराने की बात कहने पर पिटाई का आरोप है। परिजनों ने स्कूल में हंगामा कर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गंदा नाला स्थित डॉलफिन पब्लिक स्कूल में मेड पर तीन वर्षीय मासूम की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप है। घटना से गुस्साए परिजनों ने स्कूल में हंगामा काटा। उन्होंने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बच्चे के चेहरे पर थे थप्पड़ के निशान
मोदीनगर की तिबड़ा रोड स्थित गली नंबर-5 निवासी कारोबारी विकास सिंघल ने बताया कि उनका तीन वर्षीय पुत्र मितांश दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गंदा नाला स्थित डॉलफिन पब्लिक स्कूल में नर्सरी में पढ़ता है। मितांश शुक्रवार दोपहर स्कूल से घर लौटा तो उसके चेहरे पर थप्पड़ के कई निशान थे। उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
टॉयलेट की बात पर की थी पिटाई
आरोप है कि स्कूल मेड ने टॉयलेट कराने की बात कहने पर मितांश की बेरहमी से पिटाई कर दी। परिजन एकत्रित होकर स्कूल पहुंचे। आरोप है कि वहां स्कूल संचालक ने अभद्रता की। इससे परिजन भड़क गए और हंगामा काटा। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया।
पुलिस का बयान
एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं, इस मामले में स्कूल संचालक नीरज गर्ग का कहना है कि लगाए गए आरोप निराधार हैं। परिजनों के सामने ही आरोपी मेड पर कार्रवाई की गई।
