{"_id":"aba228fff68d3840aa76e138de646d27","slug":"rates-are-fixed-in-govt-jobs-in-up-varun-gandhi-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी में नौकरियों की भर्ती का रेट फिक्स: वरुण गांधी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी में नौकरियों की भर्ती का रेट फिक्स: वरुण गांधी
अमर उजाला ब्यूरो/सुल्तानपुर
Updated Thu, 28 Jan 2016 09:51 PM IST
विज्ञापन
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने सूबे की सरकार को आड़े हाथों लिया है। बृहस्पतिवार को अपने संसदीय क्षेत्र की सभाओं में उन्होंने कहा कि सूबे में भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकारी नौकरियों में भर्ती के रेट फिक्स हैं। बेरोजगार युवा पैसा देकर ही सरकारी नौकरी पाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन भ्रष्टाचार की वजह से सरकार कोई भर्ती नहीं कर सकी।
विज्ञापन
सदर (जयसिंहपुर) विधानसभा क्षेत्र के मिश्रौली में जिला उपाध्यक्ष व सांसद प्रतिनिधि डॉ. आरए वर्मा की ओर से आयोजित सभा में सांसद वरुण गांधी ने कहा कि सूबे में हर कार्यों में भ्रष्टाचार है। लेखपाल भर्ती में भी उन्होंने भ्रष्टाचार का मामला उठाया। कहा कि सूबे के 51 जिलों के दौरे में यह बात सामने आई है। नौकरी नहीं पाने पर युवा कुंठित हो रहे हैं। आम आदमी न्याय के लिए भटक रहा है। जनता की पुलिस, प्रशासन में सुनवाई नहीं हो रही है। मजबूरन किसान आत्महत्या कर रहे हैं।
विज्ञापन
सरकार व विधायकों ने कोई विकास कार्य नहीं किया है। इसकी वजह से सड़कें बदहाल हैं। कहा कि उन्होंने अपने दो वर्षों का वेतन पीड़ित किसानों को दिया है। अपनी सभाओं में उन्होंने ग्राम प्रधानों को अपना मोबाइल नंबर बताते हुए कहा कि प्रधान कभी भी उनका सहयोग ले सकते हैं। विकास के लिए वह जिले की आवाज बनने आए हैं। इसके पहले वरुण गांधी सड़क मार्ग से करीब 12 बजे पहुंचे।
विज्ञापन
उनके पहुंचने पर जिलाध्यक्ष करुणा शंकर द्विवेदी, डॉ. सीताशरण त्रिपाठी, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, जिला उपाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, उपाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, संतबक्श सिंह चुन्नू, सतपाल सिंह बग्गा, विजय सिंह रघुवंशी ने सांसद का स्वागत किया। दिन भर में 10 सभाओं को संबोधित करने के बाद वे लखनऊ रवाना हो गए।