बिजली को लेकर सड़क पर उतरे लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कादीपुर। तहसील की बदहाल विद्युत व्यवस्था के खिलाफ क्षेत्र के लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। कस्बे के पटेल चौक पर भाजयुमो, नगर उद्योग व्यापार मंडल एवं किसान यूनियन के बैनर तले कस्बे के लोगों ने लखनऊ-बलिया राजमार्ग जाम कर दिया। सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर दोपहर साढ़े 12 बजे तक चले तीन घंटे जाम से यातायात व्यवस्था पंगु हो गई। नारेबाजी कर रहे लोग अधिशाषी अभियंता विद्युत के लिखित आश्वासन के बाद माने। करीब तीन घंटे आवागमन बाधित रहने से आजमगढ़ बलिया से लेकर अन्य मार्गों के यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
तहसील क्षेत्र की बदहाल विद्युत व्यवस्था में बार-बार ज्ञापन देने के बाद भी सुधार नहीं होने पर बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भाजयुमो, नगर उद्योग व्यापार मंडल एवं भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले कस्बे के लोग सड़क पर उतर पड़े। सैकड़ों लोगों ने सुबह साढ़े नौ से साढ़े 12 बजे तक कस्बे के सरदार पटेल चौक पर लखनऊ-बलिया राजमार्ग जाम कर दिया। चौक पर जाम लगने से दोस्तपुर-पट्टी मार्ग भी बंद हो गया। प्रदर्शनकारी क्षेत्र की विद्युत रोस्टिंग बदलने एवं 13 घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर चौक पर नारेबाजी करने लगे। जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम राम अभिलाष, पुलिस क्षेत्राधिकारी राम अवतार फोर्स के साथ चौक पर पहुंच गए। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी एक्सईएन को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
अधिकारियों की सूचना पर अधिशाषी अभियंता विद्युत चंद्रजीत प्रसाद मौके पर पहुंचे। पहले तो एक्सईएन ने जुबानी आश्वासन देकर प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी लिखित आश्वासन पर अड़े रहे। करीब साढ़े 12 बजे अधिशाषी अभियंता द्वितीय द्वारा उपकेंद्र कादीपुर की लॉगबुक पर मांग के अनुरूप विद्युत आपूर्ति करने के लिखित निर्देश के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। चौक पर करीब तीन घंटे जाम से लखनऊ-बलिया व दोस्तपुर पट्टी मार्ग पर आवागमन ठप रहा। इस दौरान यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
कुछ रोडवेज बसों को घुमाकर गुजारा गया, लेकिन कई बसें जाम में फंसी रहीं। प्रदर्शनकारियों में भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशुतोष सिंह मोहित, सर्वेश कुमार सिंह, व्यापार मंडल के घनश्याम जायसवाल, विनोद सोनी, घनश्याम चौहान, धर्मेंद्र कुमार, सुभाषचंद्र व किसान यूनियन के राम कृपाल सिंह एवं लल्लन सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।