Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sultanpur News ›   Diversion slows down traffic; vehicles stuck in jams left crawling

Sultanpur News: डायवर्जन ने थामी रफ्तार, रेंगते रहे जाम में फंसे वाहन

Mon, 23 Nov 2026 11:51 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर Updated Mon, 23 Nov 2026 11:51 PM IST
विज्ञापन
Diversion slows down traffic; vehicles stuck in jams left crawling
कूरेभार कस्बे के मुख्य चौराहे पर लगे जाम में फंसी स्कूली बस। स्रोत-ग्रामीण
कूरेभार। थाना गेट से चौराहे तक महज 100 मीटर का फासला... लेकिन इसे पार करने में एक घंटा लग गया। आगे निकलने की कोशिश में वाहन जहां के तहां फंसे रहे। रोडवेज बसों के पहिये थमे तो स्कूली वाहन भी कतार में लग गए। एंबुलेंस को रास्ता मिलने की राह देखनी पड़ी। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार और बाजार में फंसे राहगीरों की बेबसी सोमवार को अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर यातायात व्यवस्था की बदहाली बयां करती रही।
विज्ञापन


कार्तिक पूर्णिमा स्नान मेले के लिए लागू रूट डायवर्जन ने कूरेभार और कटका में आवागमन की रफ्तार थाम दी। दोपहर 12 से एक बजे और फिर दो से तीन बजे तक भीषण जाम से लोग जूझते रहे। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार को लोहरामऊ बाईपास ,कटका, गुप्तारगंज और कूरेभार कस्बे में जाम का असर पूरे दिन देखने को मिला। कुछ देर वाहनों की आवाजाही शुरू होती तो लोगों को राहत की उम्मीद बंधती, लेकिन चंद मिनट बाद फिर पहिये थम जाते।
विज्ञापन


सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन और बाजार में उमड़ी भीड़ ने हालात और बिगाड़ दिए। स्थानीय निवासी रामकिशोर, दीनानाथ, राजेश्वर, रमेश और राहुल ने बताया कि डायवर्जन के साथ सहालग के चलते वाहनों का दबाव बढ़ गया है। बाजार में सड़क किनारे खड़े वाहन रास्ता संकरा कर देते हैं। यातायात संभालने के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। लोगों को चंद कदम की दूरी तय करने में भी घंटों गंवाने पड़ रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


एएसपी बृजनारायण सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा मेले के मद्देनजर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाकर रूट डायवर्जन किया गया है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।



डायवर्जन ने बिगाड़ी यातायात व्यवस्था
अयोध्या में कार्तिक पूर्णिमा स्नान मेले को देखते हुए सोमवार सुबह आठ बजे से मंगलवार को मेला और भीड़ समाप्त होने तक यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। रायबरेली की ओर से अयोध्या जाने वाले बड़े और भारी वाहनों को हलियापुर स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा गया। पीढ़ी और हलियापुर की तरफ से आने वाले वाहनों को कूरेभार चौराहे से मुजेश तिराहा होकर एक्सप्रेसवे पर डायवर्ट किया गया। सुल्तानपुर से अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को भी मुजेश तिराहे से एक्सप्रेसवे की ओर रवाना किया गया। इसके बावजूद कस्बे के भीतर यातायात का दबाव कम नहीं हुआ।



इसलिए लगातार लग रहा जाम
बेतरतीब पार्किंग : बाजार और हाईवे किनारे खड़े वाहन सड़क की चौड़ाई घटा रहे हैं।
बाजार में भीड़ : सहालग के चलते खरीदारी और आवागमन का दबाव बढ़ा है।
डायवर्जन का दबाव : भारी वाहनों के बदले रास्ते के बावजूद कस्बे के चौराहों पर वाहनों का जमावड़ा लग रहा है।
कमजोर यातायात प्रबंधन : चौराहों पर वाहनों की कतार नियंत्रित नहीं होने से थोड़ी देर में जाम बढ़ जा रहा है।



ऐसे मिलेगी जाम से राहत
कूरेभार चौराहे और कटका में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती हो।
बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर सख्ती से रोक लगे।
मुजेश तिराहा और प्रमुख संपर्क मार्गों पर डायवर्जन के संकेतक लगाए जाएं।
भीड़ के समय चौराहों पर अलग-अलग दिशाओं के वाहनों को चरणबद्ध तरीके से निकाला जाए।
एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए अलग से रास्ता सुनिश्चित किया जाए।



शहर में भी लगा रहा जाम
सुल्तानपुर। शहर की यातायात व्यवस्था सोमवार को जगह-जगह चरमराई रही। मेडिकल कॉलेज तिराहा, गंदा नाला रोड, बाध मंडी, पयागीपुर और पंच रास्ता पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रमुख चौराहों पर जाम के चलते राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। दोपहिया और चार पहिया वाहन चालक घंटों फंसे रहे।

कई जगह वाहन एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश में उलझ गए, जिससे आवागमन और मुश्किल हो गया। बाजारों में वाहनों का दबाव और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहन समस्या बढ़ाते रहे। जरूरी काम से निकले लोगों को थोड़ी दूरी तय करने में भी काफी समय गंवाना पड़ा। चौराहों पर यातायात की रफ्तार थमने से आम राहगीर से लेकर नौकरीपेशा और व्यापारियों तक को परेशानी झेलनी पड़ी। शहर में जाम से निजात दिलाने के इंतजाम नाकाफी नजर आए। सीओ नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि छुट्टी के बाद सोमवार को बाजार खुले तो लोगों को आना ज्यादा रहा। इसके अलावा सहालग में भी लोग ज्यादा निकल रहे हैं, ट्रैफिक पुलिस चौराहों पर लगातार जाम खुलवाने में लगी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed