{"_id":"dada0c83065842b4ee4baf623fb13afc","slug":"sugar-mill-guard-shot-farmer-in-up","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी: चीनी मिल के गार्ड ने किसान को गोली मारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: चीनी मिल के गार्ड ने किसान को गोली मारी
अमर उजाला, पुरकाजी देहात (मुजफ्फरनगर)
Updated Wed, 25 Dec 2013 09:14 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खाईखेड़ी के उत्तम शुगर मिल में घटतौली के विवाद में सिक्योरिटी गार्ड ने किसान को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
इसके बाद घटना से गुस्साए किसानों ने गार्ड को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। उसे मेरठ रेफर किया गया है। आक्रोशित किसानों ने मिल परिसर में खड़ी दो बाइकों में आग लगा दी और शव को केन यार्ड में रखकर धरने पर बैठ गए।
भाकियू नेता राकेश टिकैत और रालोद सांसद संजय चौहान मौके पर पहुंचे। बाद में मृतक के बेटे को मिल में नौकरी और 15 लाख का मुआवजा मिलने पर मामला शांत हुआ।
लखनौती गांव का किसान 50 वर्षीय प्रहलाद पुत्र निरंजन सिंह बुधवार सुबह पांच बजे खाईखेड़ी के उत्तम शुगर मिल में गेट पर गन्ना डालने के लिए गया था। गेट पर बुग्गी तौले जाने के दौरान किसान का घटतौली को लेकर कर्मचारियों से विवाद हो गया।
विज्ञापन
दोनों पक्षों में मारपीट के दौरान सिक्योरिटी गार्ड कुलदीप त्यागी ने गोली चला दी। प्रहलाद को गोली लगते ही भगदड़ मच गई। गुस्साए किसानों ने गार्ड कुलदीप को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल गार्ड को मुजफ्फरनगर भेजा, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। लहूलुहान किसान को पुरकाजी सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गुस्साए किसान शव लेकर वापस मिल पहुंचे। भीड़ ने मिल परिसर में खड़ी दो बाइकों में आग लगा दी। किसानों ने मिल के केन यार्ड में शव रखकर धरना शुरू कर दिया। इसी बीच भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत आदि ने धरने की कमान संभाल ली।
बाद में रालोद सांसद संजय चौहान और एमएलसी मुश्ताक चौधरी भी धरने में शामिल हो गए। एडीएम प्रशासन डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की मौजूदगी में मिल प्रबंधन ने समझौते में 15 लाख का मुआवजा और मृतक के पुत्र ललित को नौकरी का नियुक्ति पत्र दिया, इसके बाद धरना उठा लिया गया। इस दौरान पूर्व विधायक प्रदीप बालियान, धर्मेंद्र राठी आदि भी मौजूद रहे।