'एक हफ्ते में मंत्री बनाओ वरना खुद को आग लगा लूंगा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की जबरदस्त शिकस्त के बाद मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 36 दर्जा प्राप्त मंत्रियों की लाल बत्ती वापस ले ली लेकिन अब पार्टी के एक नेता ने खुद को सप्ताहभर में मंत्री न बनाने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री को फैक्स कर अपनी इच्छा से भी अवगत करा दिया। लोहिया वाहिनी के नगर सचिव मोहम्मद रोशन अंसारी का कहना है कि वह पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। लंबे समय से पार्टी से जुड़े हैं और आंदोलन में शामिल रहे।
मंत्री बनाने की मांग
उनका कहना है कि मंत्री बनाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को एक वर्ष में कई पत्र लिखे। सीएम ने किसी आयोग का अध्यक्ष बनाने का आश्वासन भी दिया लेकिन आज तक कुछ नहीं किया। कहा कि घर-परिवार के लोग और मित्र अब ताना देने लगे हैं।
सोमवार को कार्यकर्ताओं की म्योराबाद में हुई बैठक में उन्होंने पार्टी पर अपनी उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि वह 1996 से लगातार पार्टी में सक्रिय पदाधिकारी के रूप में कार्य कर रहे हैं।
पार्टी के आंदोलनों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते हैं लेकिन सरकार बनने के बाद उन पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
मंत्री को मिला आश्वासन
मोहम्मद रोशन ने कहा कि वह मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और नगर विकास मंत्री आजम खां के संपर्क में रहे। उन्होंने भी मंत्री का दर्जा देने का आश्वासन दिया लेकिन आज तक कुछ नहीं किया।
कहा कि एक सप्ताह में किसी विभाग का अध्यक्ष न बनाया गया तो सुभाष चौराहा पर आत्मदाह करेंगे। श्री अंसारी ने बताया कि उन्होंने इस निर्णय के संबंध में सोमवार को मुख्यमंत्री को फैक्स कर अवगत करा दिया है।