नरेंद्र मोदी के कटाक्ष पर एसपी ने की कार्रवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह की 12 अप्रैल को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पर आयोजित जनसभा के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़कर उनके हेलीपैड स्थल पर सांड घुस आने के मामले में एसपी एसके सिंह ने जेबीगंज के चौकी इंचार्ज समेत पांच पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइंस से संबद्ध कर दिया है।
इसे लेकर भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने एक दिन पहले ही सोमवार को अपने भाषण में घटना का जिक्र करते हुए प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाया और अखिलेश सरकार पर निशाना साधा था। मोदी ने कहा कि नेताजी के हेलीकाप्टर को एक सांड ने उतरने से रोक दिया था।
इस घटना के मीडिया में उछलने के बाद आईजी सुरक्षा ने पहले ही जांच का निर्देश दे दिया था। मंगलवार को मामला गंभीरता से लेते हुए एसपी ने पूरे घटनाक्रम में पुलिसकर्मियों की लापरवाही पाई और उन्हें चुनाव कार्य से अलग करते हुए चौकी इंचार्ज जेबीगंज मंजेश सिंह और थाना पसगवां के आरक्षी सुरेंद्र चौरसिया, नियाज, शिव कुमार, भीम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। अभी जेबीगंज में किसी की तैनाती नहीं की गई है।
मोदी के कटाक्ष का अखिलेश ने दिया था जवाब
मोदी ने 12 अप्रैल को राजकीय इंटर कॉलेज के इसी मैदान में हुई जनसभा के दौरान हेलीपैड के करीब मुलायम सिंह यादव के सुरक्षा घेरे को तोड़कर सांड़ के घुसने की घटना का जिक्र करते हुए प्रदेश की सुरक्षा-व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा था कि बेटे की सरकार में पिता सुरक्षित नहीं है, ऐसी सरकार गुजरात के शेरों को कैसे संभालेगी।
मोदी ने कटाक्ष किया कि दरअसल यहां के लोग ही नहीं सांड़ भी नेता जी से नाराज है। बता दें कि सांड़ ने नेताजी को काफी देर उतरने नहीं दिया था। इसके चलते काफी देर तक हेलीपैड पर अफरा-तफरी मची रही।
मोदी के कटाक्ष के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि गुजरात के एक नेता कह रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में सांड घूम रहे हैं। तो उन्हें मैं बता देना चाहता हूं कि सांड को काबू करना प्रदेश की जनता को आता है।