UP: पेड़ के नीचे मिला युवक का शव, सिर पर चोट, पास में फैला था खून; करमा थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव की घटना
Sonbhadra News: सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र स्थित धौरहरा गांव में 19 वर्षीय अभिषेक चौहान का शव पेड़ के नीचे मिला। उसके सिर पर चोट के निशान थे और पास में खून गिरा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। बताया गया कि कुछ लोग उसे रुपये का लालच देकर पेड़ कटवाना चाहते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव में 19 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि घटनास्थल के पास खून भी बिखरा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया इसे पेड़ काटने के दौरान हुए हादसे से जोड़कर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार धौरहरा गांव निवासी मनोज चौहान का पुत्र अभिषेक चौहान (19) बृहस्पतिवार की रात घर से कुछ दूरी पर अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करमा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
ग्राम प्रधान रामानंद ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे उन्हें घटना की जानकारी मिली। जब तक वह मौके पर पहुंचे, तब तक परिजन युवक को अस्पताल ले जा चुके थे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
मृतक के भांजे ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करमा बाजार से लौटते समय गांव का एक युवक विद्यालय परिसर में लगे यूकेलिप्टस के पेड़ को काटने के लिए अभिषेक को रुपये का लालच दे रहा था, लेकिन उसने इस काम से इंकार कर दिया था। इसके बाद देर रात उसका शव पेड़ के नीचे मिलने से परिजनों की शंका और गहरा गई है।
वहीं मृतक के पिता मनोज चौहान का कहना है कि अभिषेक रात में भोजन करने के बाद घर की छत पर सोने चला गया था। वह वहां से घटनास्थल तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। उन्होंने गांव के कुछ युवकों पर हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक सूर्यभान राम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पेड़ काटने के दौरान पेड़ गिरने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। उन्होंने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।