सोनभद्र/चोपन। सोनांचल ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के बैनर तले चौथे दिन रविवार को भी ट्रक मालिकों का आंदोलन जारी रहा। गिट्टी-बालू की ढुलाई करने वाले वाहनों के पहिए थमे रहे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने डाला में कार्यक्रम स्थल पर अपने मांगों एवं उत्पीड़न के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए धरना प्रदर्शन जारी रखा। सोमवार से कलेक्ट्रेट परिसर में आमरण अनशन का एलान किया।
धरना स्थल पर सभा में वक्ताओं ने कहा कि खनिज विभाग की एकतरफा कार्रवाई के विरोध में चार दिनों से हड़ताल जारी है, लेकिन जिले के जिम्मेदार अफसरों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। इससे यह जाहिर हो रहा है कि उन्हें जनता के हितों की कितनी चिंता है। जब तक मांग पूरी नहीं होती है, यह आंदोलन जारी रहेगा। वक्ताओं ने आंदोलन के चलते गिट्टी-बालू सोनभद्र से बाहर के जिलों में नहीं गए तो विकास कार्य प्रभावित होगा। ट्रक एसोसिएशन के पदाधिकारियों व मोटर मालिकों ने कहा कि जिला प्रशासन के मनमानेपन के खिलाफ यह धरना जारी रहेगा। इसके साथ ही 26 सितंबर से कलेक्ट्रेट परिसर में अनशन शुरू किया जाएगा। इसकी शुरुआत तीन पदाधिकारी करेंगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने लोडिंग प्वाइंट से ओवरलोड बंद कराने, हाईवे पर अधिकारियों की तरफ से किए जा रहे उत्पीड़न पर रोक लगाने, रायल्टी का रेट निर्धारित करने, क्रशर प्लांट का पेनाल्टी ट्रक मालिक से न लेने की मांग की। इस दौरान अध्यक्ष कमल सिंह, सोनू मिश्रा, धर्मेंद्र जायसवाल, सरफराज अंसारी, मून सिंह, आशुतोष सिंह, विमल साहा, सतीश सिंह, आशुतोष पाठक, मनीष सिंह, अंकुर सिंह, विजेंद्र जायसवाल, आशीष सिंह, पंकज राय, कमलेश यादव आदि मौजूद रहे।